दाे अक्टूबर को जिले के हर ग्राम पंचायतों में होगी ग्राम सभा, नोडल अधिकारी नियुक्त
बलरामपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले की सभी ग्राम पंचायतों के प्रत्येक ग्राम में 2 अक्टूबर को ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। शनिवार को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने पंचायत संचालनालय के निर्देशानुसार ग्राम सभाओं के सुचारू संचालन के लिए सभी ग्राम पंचायतों में नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।
ग्राम सभा में गणपूर्ति के साथ सदस्यों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सरपंच, पंच और सचिव की होगी। ग्राम सभा की कार्यवाही छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 और पेसा नियम 2022 के प्रावधानों के अनुसार संचालित की जाएगी। नोडल अधिकारियों को ग्राम सभा में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर निर्धारित एजेंडों पर चर्चा कराने और कार्यवाही पूरी होने के बाद ग्राम सभा पंजी पर हस्ताक्षर करने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्राम सभा के लिए 33 बिंदुओं का एजेंडा निर्धारित किया गया है। इसमें डिजिटल क्रॉप सर्वे, एग्रीस्टेक पंजीयन, धान खरीदी से पहले पटवारियों द्वारा अनुवीक्षण, डीएमएफ कार्ययोजना का अनुमोदन और बाल विवाह रोकथाम का संकल्प शामिल है। इसके अलावा पंचायतों के आय-व्यय की समीक्षा, स्वीकृत कार्यों की स्थिति, ऑनलाइन कर संग्रहण, सड़कों पर मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम और जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन की जानकारी पर भी चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत अपात्र हितग्राहियों पर निर्णय, लंबित आवासों के हितग्राहियों का चिन्हांकन और आवास प्लस 2.0 की स्थायी प्रतीक्षा सूची का अनुमोदन भी किया जाएगा। विकसित ग्राम पंचायत प्लान, अनुमेय कार्यों की सूची और ‘मोर गाँव मोर पानी महाअभियान’ पर भी चर्चा होगी।
स्वच्छता से जुड़े विषयों में स्वच्छता संकल्प, अपशिष्ट पृथक्करण, उत्कृष्ट स्वच्छताग्राहियों का सम्मान, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण, ओडीएफ प्लस मॉडल ग्राम का अनुमोदन और टीबी मुक्त भारत अभियान शामिल हैं। जिले के वाड्रफनगर, रामचंद्रपुर, बलरामपुर, राजपुर, शंकरगढ़ और कुसमी जनपद पंचायतों की सभी ग्राम पंचायतों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय