कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के मृत श्रमिकों के परिजनों को राज्य सरकार देगी 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि

 


कुलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है छत्तीसगढ़ सरकार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर 1 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले में जान गंवाने वाले छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों के परिजनों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को 20-20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस कायराना हमले की कड़ी निंदा की है और इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताया है।।

मुख्यमंत्री साय ने इस जघन्य और अमानवीय आतंकी घटना की कठोर शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि निर्दाेष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के विरुद्ध अपराध है और ऐसे कायराना कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है। उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार ने सक्ती जिले के रहने वाले दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी भूपेंद्र भैना के शोकाकुल परिवारों को 20-20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्णय लिया है।

उन्होंने बताया है कि दिवंगत श्रमिकों के पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम तक सुरक्षित और ससम्मान वापस लाने के लिए राज्य सरकार द्वारा एक विशेष नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जा रही है। यह अधिकारी जम्मू-कश्मीर के स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर परिजनों को तत्काल हर संभव सहायता पहुंचाना सुनिश्चित करेगा।

ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है और 'मुख्यमंत्री राहत कोष' से 10-10 लाख रुपये देने की घोषणा की है। यह मदद स्थानीय जिला प्रशासन द्वारा दी जाने वाली 6-6 लाख रुपये की त्वरित सहायता के अतिरिक्त होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल