सेवा सेतु केन्द्र से आसान हुई शासकीय प्रक्रिया, बेटी की मिली आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र

 


जांजगीर-चांपा 12 अक्टूबर (हि. स.)। शासकीय सेवाओं को सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में सेवा सेतु केन्द्र नागरिकों के लिए सुविधाजनक माध्यम बन रहे हैं। तहसील मुख्यालय बलौदा निवासी सुमन ने अपनी पुत्री आयुषी के आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए तहसील कार्यालय बलौदा स्थित सेवा सेतु केन्द्र पहुंचीं। केन्द्र में आवेदन की जांच कर उसे स्वीकार किया गया तथा निर्धारित समय-सीमा में प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।

आवेदन के लगभग कुछ दिनों के भीतर प्रमाण पत्रों की पीडीएफ प्रतियां उनके मोबाइल पर प्राप्त हो गईं। इसके बाद हार्ड कॉपी भी शीघ्र उपलब्ध करा दी गई। इस पूरी प्रक्रिया में उन्हें किसी भी परेशानियों का सामना करना नहीं पड़ा। सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम सुगम एवं समयबद्ध सेवा से संतुष्ट सुमन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देवा साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका अनुभव शासकीय सेवाओं को नागरिकों तक सरलता और पारदर्शिता से पहुंचाने की दिशा में सेवा सेतु केन्द्र की उपयोगिता को दर्शाता है।

सुमन ने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से घर बैठे प्रमाण पत्र प्राप्त होना आम नागरिकों के लिए बड़ी सुविधा है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से समय पर मिला प्रमाण पत्र शासन की डिजिटल एवं नागरिक-केंद्रित सेवाओं का सहज अनुभव रहा। सेवा सेतु के माध्यम से मिली यह सुविधा उनके लिए “सेवा की कहानी” का एक ऐसा उदाहरण बनी, जिसमें तकनीक ने सरकारी सेवा को नागरिक के और करीब पहुंचाया।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT