कोरबा: ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर में बुजुर्ग को मिला श्रवण यंत्र, राजकुमारी यादव को पक्के मकान का आवंटन
कोरबा, 10 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर जरूरतमंद हितग्राहियों के लिए राहत और खुशियों का माध्यम बना। बालको जोन कार्यालय परिसर में आयोजित शिविर में बुजुर्ग दीनबंधु चौबे को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया, जबकि बालको के नेहरू नगर निवासी राजकुमारी यादव को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान का आवंटन पत्र सौंपा गया।
शासन की इन योजनाओं से दोनों हितग्राहियों को बड़ी राहत मिली है। शिविर के माध्यम से समाज कल्याण विभाग की योजना के अंतर्गत दीनबंधु चौबे को श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया गया। उम्र बढ़ने के साथ सुनने में होने वाली परेशानी को देखते हुए यह उपकरण उनके लिए उपयोगी साबित होगा। श्रवण यंत्र की मदद से उन्हें बातचीत करने और आसपास के लोगों से संवाद स्थापित करने में सहूलियत मिलेगी।
वहीं, राजकुमारी यादव के परिवार के लिए पक्के मकान का आवंटन नई उम्मीद लेकर आया है। उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना-सबके लिए आवास मिशन के घटक ‘मोर मकान मोर चिन्हारी’ के अंतर्गत दादरखुर्द में निर्मित आवास का आवंटन पत्र दिया गया। इससे उनके परिवार को सुरक्षित और स्थायी आशियाना मिलने का रास्ता साफ हुआ है।
राजकुमारी यादव ने पक्का मकान मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपने परिवार के लिए पक्का घर मिलना बड़ी खुशी की बात है। आवास योजना से उनके परिवार को सुरक्षित वातावरण में रहने और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
सेवा संकल्प अभियान से हितग्राहियों को मिल रहा लाभ
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों का उद्देश्य शासकीय योजनाओं का लाभ जरूरतमंद नागरिकों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। ऐसे शिविरों में विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी और सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से नागरिकों को सुविधा मिलती है।
कोरबा में आयोजित इस शिविर के माध्यम से श्रवण यंत्र और आवास जैसी जरूरतों से जुड़ी सहायता उपलब्ध कराकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। इन पहलों से जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और उन्हें बेहतर जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी