551 किलो आमों से सजा गोवर्धन नाथ हवेली मंदिर, पुरुषोत्तम मास महोत्सव की छटा बिखरी
धमतरी, 28 मई (हि.स.)। रायपुर रोड स्थित गुजराती कॉलोनी के गोवर्धन नाथ हवेली मंदिर में पुरुषोत्तम मास महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है। एकादशी के अवसर पर मंदिर में भगवान गोवर्धन नाथ का 551 किलो आमों से भव्य शृंगार किया गया। हाफुस, लंगड़ा, बॉम्बे ग्रीन और दशहरी जैसी विभिन्न किस्मों के आमों से सजी हवेली आकर्षण का केंद्र बनी रही। शाम की आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
पुरुषोत्तम मास महोत्सव की शुरुआत 17 मई को पड़वा उत्सव से हुई थी। पहले दिन फूल मंडली से हवेली को विशेष रूप से सजाया गया। 17 मई से 15 जून तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन अलग-अलग मनोरथ के अनुसार हवेली को सजाया जा रहा है। एकादशी पर विधि राठौर और माही राठौर ने कृष्ण-राधा की आकर्षक रंगोली बनाकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। आरती एवं आयोजन में ट्रस्ट अध्यक्ष तरुण अंबानी, सचिव कीर्ति शाह, भरत संघवी, कमलेश भाई, हर्षद मेहता, प्रदीप मिरानी, दुर्गाशंकर मेहता, प्रकाश शर्मा, शांति दामा और आशा गांधी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मंदिर समिति के गौरव अंबानी और कमलेश भाई ने बताया कि एकादशी के बाद बारस, तेरस, चौदास और पूनम पर भी विशेष मनोरथ और सजावट की जाएगी। महोत्सव के तहत 31 मई को महारास एवं रास-गरबा, एक जून को यमुना जी दीपदान, दो जून को कुसुम सरोवर में होली उत्सव, आठ जून को गिरिराज जी परिक्रमा मनोरथ तथा 13 जून को कृष्ण भादरवा महाभु जी प्राकट्य उत्सव आयोजित किया जाएगा। 15 जून को अमावस्या पर लोटी उत्सव के साथ पुरुषोत्तम मास महोत्सव का समापन होगा।
गौरतलब है कि प्रदेश में गोवर्धन नाथ की मुख्य हवेली चम्पारण में स्थित है, जहां देशभर से श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रायपुर, राजिम और धमतरी में भी गोवर्धन नाथ मंदिर स्थापित किए गए हैं। धमतरी की हवेली स्थापना के चार वर्ष पूर्ण कर अब पांचवें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। पुरुषोत्तम मास के दौरान यहां दूर-दूर से श्रद्धालुओं का लगातार आगमन हो रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा