सुशासन तिहार शिविर में गूंजा खोड़िया तालाब के जीर्णोद्धार का मुद्दा, वार्डवासियों ने सौंपा आवेदन

 


धमतरी, 10 जून (हि.स.)। सुशासन तिहार के अंतर्गत आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से बुधवार को आदर्श बाल मंदिर में समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बनियापारा मोटर स्टैंड वार्ड सहित विभिन्न वार्डों के नागरिक बड़ी संख्या में पहुंचे और अपनी समस्याओं तथा मांगों से संबंधित आवेदन प्रशासन को सौंपे।

इसी दौरान ब्राह्मणपारा वार्ड के पूर्व पार्षद राजेश पांडेय सहित भोला कुंभकार, लक्ष्मी खरे, दीपक देवांगन और मोहन कुंभकार ने खोड़िया तालाब की बदहाल स्थिति को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि ब्राह्मणपारा और जालमपुर वार्ड से लगे खोड़िया तालाब का जल प्रदूषित हो चुका है तथा इसके सौंदर्यीकरण से जुड़े कई कार्य आज तक अधूरे पड़े हुए हैं। उनका कहना था कि पूर्ववर्ती शासनकाल में वर्ष 2022-23 के दौरान तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 41 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी, जिसमें पचरी मरम्मत, तालाब किनारे ट्यूबलाइट पोल स्थापना तथा बरगद के समीप स्थित शिव मंदिर में शेड निर्माण जैसे कार्य शामिल थे। हालांकि स्वीकृति के वर्षों बाद भी अधिकांश कार्य पूरे नहीं हो सके हैं।

वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि प्रारंभिक कार्ययोजना में बाद में बदलाव कर दिए गए, जिसके कारण तालाब विकास की मूल योजना प्रभावित हुई और आज तालाब की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने बताया कि तालाब किनारे नियमित साफ-सफाई नहीं होने से गंदगी बढ़ रही है और क्षेत्र की सुंदरता भी प्रभावित हो रही है। वहीं आकाश वर्मा, सूर्या साहू, कोमल रजक, हीरा वाधवानी, किशोर साहू, कन्हैया देवांगन, कुणाल यादव और गगन कुंभकार सहित अन्य नागरिकों ने भी वार्ड की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि तालाब के संरक्षण और वार्ड में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने से क्षेत्र की स्वच्छता और पर्यावरणीय स्थिति में सुधार होगा। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की कि खोड़िया तालाब से जुड़े लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए, ताकि वार्डवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और तालाब अपनी पुरानी पहचान पुनः प्राप्त कर सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा