भगवान भाव के प्यासे हैं, सच्चे मन से करें प्रभु की आराधना : कामता प्रसाद शरण

 






हटकेशर वार्ड में तीन दिवसीय संगीतमय हरि कीर्तन एवं झांकी कार्यक्रम, 21 काे होगा समापन

धमतरी, 20 नवंबर (हि.स.)। शहर के हटकेशर वार्ड में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच तीन दिवसीय संगीतमय हरि कीर्तन एवं झांकी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जय मारुति सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भक्ति रस का आनंद ले रहे हैं।

कार्यक्रम में प्रवचनकर्ता एवं कथावाचक कामता प्रसाद शरण (कुड़ेरादादर) श्रद्धालुओं को धर्म, अध्यात्म और जीवन के नैतिक मूल्यों का संदेश दे रहे हैं। प्रवचन के दौरान उन्होंने कहा कि भगवान भाव के प्यासे हैं। प्रभु को बाहरी आडंबर और दिखावे से नहीं, बल्कि सच्ची श्रद्धा और निर्मल मन से प्रसन्न किया जा सकता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सच्चे मन से भगवान की आराधना करनी चाहिए और अपने जीवन में सद्कर्मों को अपनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मनुष्य को दूसरों का कल्याण करने की भावना रखनी चाहिए। किसी जरूरतमंद की सहायता करना और दूसरों के सुख-दुख में सहभागी बनना भी ईश्वर की सच्ची सेवा है। प्रतिदिन भगवान का स्मरण एवं पूजा-अर्चना करने के साथ ही अपने माता-पिता और बड़ों का आदर करना चाहिए। जीवन में विनम्रता, परोपकार और सद्भाव बनाए रखना ही सच्ची धार्मिकता का प्रतीक है। कथावाचक ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे धर्म के मार्ग पर चलते हुए समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भावना का वातावरण निर्मित करें। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान संगीतमय हरि कीर्तन और आकर्षक धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। भजन-कीर्तन के माध्यम से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। आयोजन का समापन आज किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा