भगवान बलराम जयंती पर कृषक दिवस, किसानों को उन्नत खेती की दी जानकारी

 


बलरामपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। भगवान बलराम जयंती के अवसर पर बुधवार को कृषि विज्ञान केंद्र जाबर में कृषक दिवस मनाया गया। कृषि विज्ञान केंद्र और कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत खेती की पद्धतियों और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। किसानों को नवीन तकनीकों को अपनाकर उत्पादन और आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में कृषि और कृषक जीवन में भगवान बलराम के योगदान को याद किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में कृषि स्थायी समिति के सभापति बद्री यादव और किसान मोर्चा के वरिष्ठ प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गोपाल कृष्ण मिश्र शामिल हुए। अतिथियों ने किसानों के लिए भगवान बलराम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आधुनिक खेती के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर भी ध्यान देने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान किसानों से खेती से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। कृषि अधिकारियों और कृषि वैज्ञानिकों ने वैज्ञानिक तरीके से खेती करने, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा नई तकनीकों को अपनाने के संबंध में जानकारी दी। किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में भी बताया गया।

इस अवसर पर उपसंचालक कृषि डॉ. परमानंद वर्मा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय