राउत नाचा, दोहा और बछड़े के साथ निकली गो सम्मान पदयात्रा
धमतरी, 27 जुलाई (हि.स.)। दोहा, राउत नाचा और भजन-कीर्तन के साथ सोमवार को निकली गो सम्मान पदयात्रा ने शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर खींचा। गो सम्मान आह्वान अभियान में कुरुद क्षेत्र के यादव समाज ने पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक पेश की, वहीं ग्राम अछोटा से बछड़ा लेकर पहुंचे गोभक्त आकर्षण का केंद्र बने।
मां कर्मा चौक से कलेक्ट्रेट तक निकली पदयात्रा के बाद राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं राज्यपाल छत्तीसगढ़ के नाम डिप्टी कलेक्टर मनोज मरकाम को ज्ञापन सौंपकर गो माता को राष्ट्र माता घोषित करने, देशभर में गो हत्या पर सख्त कानून बनाने और गोवंश संरक्षण को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने की मांग की गई।
ज्ञापन में पूरे देश में गो हत्या पर एक समान एवं कठोर कानून लागू करने, गो तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने एवं गोवंश संरक्षण के लिए ठोस नीति बनाने की मांग की गई। साथ ही गोशालाओं के संचालन के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया। गो सेवा आयोग के जिलाध्यक्ष हेमराज सोनी ने कहा कि सभी जिलों में गो सम्मान आह्वान अभियान चलाया जा रहा है। गो माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने और गो संरक्षण के पक्ष में जनसमर्थन जुटाया जा रहा है। एक लाख 80 हजार से अधिक लोगों के हस्ताक्षरों की डिजिटल प्रति पेनड्राइव के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन के साथ सौंपी गई है। धमतरी, नगरी, कुरुद और मगरलोड क्षेत्र से बड़ी संख्या में गोभक्त इस अभियान में शामिल हुए।
हिंदू जागरण मंच के प्रांत युवा प्रमुख दीपक ठाकुर ने कहा कि गो संरक्षण भारतीय संस्कृति और राष्ट्र की आस्था से जुड़ा विषय है। जनभावनाओं का सम्मान करते हुए गोवंश संरक्षण के लिए प्रभावी एवं सख्त कानून बनाया जाना चाहिए। अभियान के सह संयोजक डाकेश्वर साहू व हिंदू संगठन के चित्रेश साहू ने कहा कि यह संविधान की भावना और हमारी सांस्कृतिक विरासत से भी जुड़ा है। इस दौरान सुबोध राठी, गोदावरी साहू, प्रिंस जैन, डेविड साहू, दुर्गेश नंदनी साहू, कोमल सार्वा, विशाल गौर, सुभाष चंद्राकर, फलेश्वर साहू, हिमांशु साहू, पंडित हरिशरण वैष्णव, पंडित अशोक शास्त्री, दक्षिणेश्वर गिरी गोस्वामी, यश राजपूत, निखलेश देवान साहू, अनिल वाधवानी, महेश साहू सहित बड़ी संख्या में गोभक्त उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा