ई-केवाईसी नहीं कराने पर गैस कनेक्शन की सुविधाएं हो सकती हैं बंद
कमर्शियल सिलेंडर 80 रुपये महंगा
धमतरी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना जरूरी कर दिया गया है। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को भविष्य में गैस सिलिंडर की नियमित आपूर्ति सहित मिलने वाली सुविधाओं से वंचित होना पड़ सकता है।
धमतरी शहर में इंडेन गैस के 25 हजार से अधिक उपभोक्ता अपनी ई-केवाईसी करा चुके हैं, जबकि लगभग पांच हजार उपभोक्ताओं ने अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं की है। ऐसे में इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन पर सुविधाएं प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। व्यवसायिक गैस सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोत्तरी होने से खाने-पीने की कीमतों में बढ़ोत्तरी होने की आशंका है।
इंडेन गैस संचालक प्रियेश अग्रवाल ने बताया कि गैस कंपनियों के निर्देश के अनुसार उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराना आवश्यक है। इसके लिए उपभोक्ता को गैस एजेंसी के कार्यालय में आधार कार्ड और गैस कनेक्शन से संबंधित दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को आगे चलकर तत्काल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने में परेशानी हो सकती है। अतिरिक्त स्टाक की व्यवस्था भी ई-केवाईसी प्रक्रिया से जुड़े उपभोक्ताओं की संख्या के आधार पर प्रभावित होगी।
ई-केवाईसी नहीं कराने वालों में आम उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी पूरी कराने की अपील की जा रही है, ताकि गैस कनेक्शन से मिलने वाली सुविधाएं नियमित रूप से जारी रहें। इधर, एक अक्टूबर से व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दाम में भी बढ़ोतरी हुई है। 19 किलो के व्यवसायिकगैस सिलिंडर की कीमत में लगभग 80 रुपये की वृद्धि की गई है। पिछले माह तक 19 किलो का व्यवसायिक सिलिंडर 3000 रुपये 50 पैसे में मिल रहा था, जिसकी कीमत अब बढ़कर 3079 रुपये 50 पैसे हो गई है। हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। धमतरी जिले में इंडेन, एचपी गैस और भारत गैस के हजारों उपभोक्ता हैं। ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की संख्या को देखते हुए गैस कंपनियां उन्हें जल्द प्रक्रिया पूरी कराने के लिए जागरूक कर रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा