ई-केवाईसी नहीं कराने वाले 18 हजार गैस उपभोक्ताओं की बुकिंग बंद
धतमरी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। एलपीजी
गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की सिलिंडर बुकिंग
बंद कर दी गई है। 30 सितंबर तक ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले
जिले के करीब 18 हजार घरेलू गैस उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए
हैं। अब इन उपभोक्ताओं को पहले ई-केवाईसी करानी होगी। इसके बाद ही कनेक्शन
दोबारा सक्रिय होगा और सिलिंडर की बुकिंग शुरू हो सकेगी।
जिले में कुल 14
गैस एजेंसियां संचालित हैं। इनमें धमतरी विकासखंड में पांच, नगरी में चार,
मगरलोड में दो और कुरूद में तीन एजेंसियां शामिल हैं। इन एजेंसियों के
माध्यम से सामान्य उपभोक्ताओं के साथ उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों को भी
गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में करीब दो लाख 31 हजार घरेलू
गैस कनेक्शन हैं, जिनमें लगभग 1.36 लाख उज्ज्वला कनेक्शन शामिल हैं। कुछ
महीने पहले घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की उपलब्धता प्रभावित होने
के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन के
अंतराल पर रिफिल बुकिंग की जा रही थी। अब गैस आपूर्ति सामान्य होने के बाद
दोनों क्षेत्रों में 25 दिन के अंतराल पर ही अगली बुकिंग की जा रही है। चार
महीने से नहीं मिल रहा नया कनेक्शन: जिले में करीब चार महीने से नए घरेलू
गैस कनेक्शन जारी नहीं हो रहे हैं। नए कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले
उपभोक्ताओं को एजेंसियों से प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार करना पड़ रहा
है। इससे नए परिवारों और दूसरे स्थानों से आकर बसे लोगों को परेशानी का
सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों में 10 किलोग्राम क्षमता का घरेलू
सिलिंडर भी उपलब्ध है, जिसकी रिफिल के लिए उपभोक्ताओं को 1600 रुपये चुकाने
पड़ रहे हैं। वहीं 14 किलोग्राम के घरेलू सिलिंडर की कीमत 1022 रुपये है।
इस तरह कम क्षमता वाले सिलिंडर के लिए उपभोक्ताओं को अधिक राशि देनी पड़
रही है। खाद्य अधिकारी धमतरी बीके कोर्राम ने बताया कि 30 सितंबर तक
ई-केवाईसी नहीं कराने वाले हितग्राहियों के कनेक्शन ब्लॉक किए गए हैं।
ई-केवाईसी कराते ही कनेक्शन दोबारा सक्रिय हो जाएगा। उपभोक्ता धीरे-धीरे
ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा