सब्जी बाड़ी में गांजे की खेती का खुलासा, 112 पौधों के साथ 51 वर्षीय आरोपित गिरफ्तार

 




बलरामपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के बरियों पुलिस ने नशीले पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम खुखरी के रखैतपारा में गांजे की खेती का मामला पकड़ा है। पुलिस ने सब्जी बाड़ी में लगाए गए गांजे के 112 पौधे बरामद किए हैं, जिनका कुल वजन करीब 36 किलो 300 ग्राम और अनुमानित कीमत 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। मामले में 51 वर्षीय कबीर साय टेकाम को गिरफ्तार कर आज रविवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

पुलिस ने आज रविवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, 3 अक्टूबर को ग्राम खुखरी के हल्का पटवारी ने चौकी प्रभारी बरियों को सूचना दी कि फसल गिरदावरी के दौरान कबीर साय टेकाम की कब्जे वाली भूमि में स्थित सब्जी बाड़ी में गांजे के पौधे लगाए गए हैं। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने मौके पर कबीर साय टेकाम से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने सब्जी की फसल के बीच गांजे के पौधे लगाए जाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसकी बाड़ी की तलाशी ली, जहां छोटे-बड़े गांजे के पौधे, डगाल, हरे पत्ते और तने सहित कुल 112 पौधे बरामद किए गए। गवाहों की मौजूदगी में पौधों की गिनती और वजन की कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बरामद 112 पौधों का वजन करीब 36 किलो 300 ग्राम और कीमत 3 लाख 50 हजार रुपये बताते हुए उन्हें जब्त किया। मामले में चौकी बरियों, थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 248/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) और 8(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।

यह कार्रवाई जिले में नशीले पदार्थों की खेती, तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस, राजस्व और वन विभाग की संयुक्त समन्वय व्यवस्था के तहत की गई। कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चौकी बरियों पुलिस टीम द्वारा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय