जांजगीर-चांपा : 50 लाख से अधिक के गांजा और नशीली दवाएं नष्ट, 1.92 क्विंटल गांजा भट्ठी में जलाया

 






जांजगीर-चांपा, 27 नवंबर (हि. स.)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने 50 लाख रुपये से अधिक कीमत के जप्त मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया। शुक्रवार को जिलास्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की उपस्थिति में 1 क्विंटल 921 किलोग्राम गांजा, 22 नग नशीली सिरप और 8,900 नशीली टैबलेट को औद्योगिक भट्ठी में जलाकर नष्ट किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में की गई। जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में दर्ज अलग-अलग मामलों में जप्त किए गए मादक पदार्थों का नष्टीकरण चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के कोटाडबरी औद्योगिक प्लांट की भट्ठी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया।

पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नशीले पदार्थों की जप्ती, आरोपिताें की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के साथ जप्त मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण भी किया जा रहा है।

नष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, जिला आबकारी अधिकारी सीलारानी इक्का, पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारी योगेश्वर कुमार द्विवेदी, निरीक्षक कमलेश कुमार सेंडे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से नशे के अवैध कारोबार से दूर रहने और नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT