धमतरी : गंगरेल, रुद्री डेम, माडमसिल्ली और नरहरा में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब
धमतरी, 29 अगस्त (हि.स.)। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों गंगरेल, रुद्री डेम, माडमसिल्ली और नरहरा में इन दिनों पर्यटकों की रौनक बढ़ गई है। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर इन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचकर सुकून के पल बिता रहे हैं। जलाशयों की शांत लहरों, हरियाली से आच्छादित पहाड़ियों और मनोहारी वातावरण के बीच कयाकिंग, वाटर स्पोर्ट्स सहित विभिन्न जलक्रीड़ा गतिविधियां पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई हैं।
गंगरेल जलाशय और रुद्री डेम में जलक्रीड़ा गतिविधियों के विस्तार से पर्यटन को नया आयाम मिला है। पर्यटक जल की लहरों पर रोमांच का आनंद लेने के साथ जलाशय के विहंगम दृश्य और सूर्यास्त के मनोहारी नजारों को कैमरों में कैद कर रहे हैं। वहीं माडमसिल्ली और नरहरा भी प्राकृतिक पर्यटन और पारिवारिक मनोरंजन के पसंदीदा स्थलों के रूप में तेजी से उभर रहे हैं।
जिला प्रशासन द्वारा पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षित पर्यटन को ध्यान में रखते हुए इन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर किया जा रहा है। पार्किंग, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित परिसर, बैठने की व्यवस्था, गार्डन एवं हरित क्षेत्र, आवागमन की सुविधा तथा मनोरंजन के विभिन्न विकल्पों पर विशेष ध्यान दिया गया है। साफ-सफाई, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने के साथ जलक्रीड़ा गतिविधियों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि, धमतरी जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। गंगरेल, रुद्री डेम, माडमसिल्ली और नरहरा जैसे प्राकृतिक स्थलों को सुविधायुक्त और आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। उद्देश्य है कि पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य के साथ सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और यादगार पर्यटन अनुभव मिले।
उन्होंने कहा कि, जलक्रीड़ा और साहसिक गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इन दिनों गंगरेल, रुद्री और माडमसिल्ली की जलराशि तथा नरहरा की प्राकृतिक छटा पर्यटकों के कैमरों में खूब कैद हो रही है। परिवारों के लिए शांत वातावरण, युवाओं के लिए रोमांचक जलक्रीड़ा और प्रकृति प्रेमियों के लिए मनमोहक नजारे इन पर्यटन स्थलों को खास बना रहे हैं। पर्यटन सुविधाओं के विकास के साथ धमतरी अब प्रकृति, रोमांच और सुकून के अनूठे संगम वाले आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा