जांजगीर-चांपा में बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर-एसपी ने संभाला मोर्चा
जांजगीर-चांपा, 26 सितंबर (हि. स.)। गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खोले जाने और जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने शनिवार को महानदी के तटीय क्षेत्रों का फील्ड निरीक्षण कर जलस्तर, नदी के बहाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारी संबंधित विभागों से लगातार फीडबैक लेते हुए परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं।
कलेक्टर और एसपी ने राजस्व, पुलिस, जल संसाधन और नगर सेना समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को महानदी के जलस्तर और तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन और उपकरण तैयार रखने को कहा गया है। प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (डीडीआरएफ) की दो टीमें तैयार रखी हैं।
इनमें से एक टीम को मोटर बोट और अन्य जरूरी बचाव उपकरणों के साथ शिवरीनारायण में तैनात किया गया है, जबकि दूसरी टीम को जिला मुख्यालय में रिजर्व रखा गया है। इसके साथ ही एसडीआरएफ बिलासपुर से भी लगातार संपर्क और समन्वय बनाए रखा जा रहा है।
शिवरीनारायण बैराज, घाट और पुल का निरीक्षण
फील्ड निरीक्षण के दौरान कलेक्टर-एसपी ने शिवरीनारायण क्षेत्र में महानदी के शिवरीनारायण बैराज, घाट, पुल, सांस्कृतिक भवन और बसंतपुर बैराज सहित अन्य संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। घाट और पुलों पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग की गई है और आवश्यक संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
अधिकारियों को इन स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर और एसपी ने पुल-पुलियों तथा आवागमन वाले क्षेत्रों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी पुल पर पानी का बहाव आवागमन के लिए जोखिमपूर्ण होता है तो तत्काल यातायात नियंत्रित किया जाए और जरूरत पड़ने पर आवागमन पूरी तरह रोक दिया जाए। ऐसे सभी संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
तटीय गांवों में मुनादी के निर्देश
कलेक्टर ने महानदी के तटीय क्षेत्रों और पूर्व में जलभराव वाले आबादी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। ग्रामीणों को संभावित जलभराव और सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी देने के लिए मुनादी कराने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए चिन्हांकित राहत केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित रखने को कहा गया है।
नदी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से नदी, पुल और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है। लोगों से विशेष रूप से तेज बहाव वाले पानी में सेल्फी या वीडियो बनाने का जोखिम नहीं उठाने और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने कहा गया है।
किसी भी आकस्मिक या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल जिला प्रशासन या संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की गई है।
फिलहाल जांजगीर-चांपा जिले में स्थिति सामान्य बताई गई है, लेकिन लगातार बारिश और गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खुले होने को देखते हुए प्रशासन एहतियात के तौर पर महानदी के तटीय क्षेत्रों, पुल-पुलियों और जलस्तर पर लगातार नजर रख रहा है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और एसपी विजय कुमार पांडेय ने अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, एसडीएम भावना साहू समेत संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT