भूमि आबंटन काे लेकर गंगरेल बांध प्रभावितों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू

 


धमतरी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। गंगरेल बांध प्रभावित जनकल्याण समिति ने भूमि आबंटन सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर 23 फरवरी से शहर के गांधी मैदान में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि उच्च न्यायालय के आदेश का पालन तुरंत नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रभावित परिवार और समिति के सदस्य इस आंदोलन में पूरी एकजुटता के साथ भाग ले रहे हैं।

गंगरेल बांध प्रभावित जनकल्याण समिति धमतरी के कार्यकारी अध्यक्ष हरिशंकर मरकाम ने बताया कि उच्च न्यायालय बिलासपुर ने दिनांक 16 दिसंबर 2020 को रिट याचिका में स्पष्ट निर्देश दिया था कि वर्ष 2004 - 2010 के मध्य भूमि प्राप्त प्रभावितों के समकक्ष अन्य पात्र प्रभावितों के दावों पर समानता के आधार पर भूमि आबंटन किया जाए।

न्यायालय ने आदेश की प्राप्ति के तीन माह के भीतर सक्षम प्राधिकारी को कार्रवाई करने का स्पष्ट निर्देश दिया था, लेकिन आदेश पारित हुए लगभग पांच वर्ष हो जाने के बावजूद जिला प्रशासन, राजस्व विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा आदेश का पालन नहीं किया गया। प्रभावित परिवार आज भी न्यायोचित भूमि और स्थायी पुनर्वास से वंचित हैं। बच्चों की शिक्षा बाधित हुई है। परिवार की आजीविका असुरक्षित है और ग्रामीण जीवन की स्थिरता गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। यह स्थिति स्पष्ट रूप से उच्च न्यायालय के आदेश की अवमानना और प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है। जब तक प्रभावित परिवारों की न्यायोचित मांगों का समाधान नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।

इस दौरान महाराजी राम ध्रुव, आत्मा राम ध्रुव, कृपा राम सिन्हा, सहदेव साहू, पंडोराम मंडावी, रोहित नेताम, जय कुमार सेन, गोपाल राम सिन्हा, शंभूराम, पुष्कर शोरी, उत्तम सहारे सहित सभी डूबान प्रभावित परिवार के सदस्य उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा