सर्वसमाज की भागीदारी के साथ गीदम में 80 वर्षाें से किया जा रहा गणेशोत्सव का आयाेजन
दंतेवाड़ा, 17 सितंबर (हि.स.)। जिले के गीदम शहर में लगातार 80 वर्षाें से सार्वजनिक गणेशोत्सव का आयाेजन किया जा रहा है, इस वर्ष भी 11 दिन तक आयोजन जारी रहेगा। आयाेजकाें के अनुसार श्रीगणेश मंडप में नगर के अलग-अलग समाजों को आमंत्रित कर महाआरती एवं सम्मान किया जाएगा। 19 से 23 सितंबर तक पुराना बाजार पारा स्थित सार्वजनिक कला मंच पर रोजाना शाम 7 से रात 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। आयोजन में दिगंबर जैन, क्षत्रिय, साहू, बंगाली, आदिवासी समाज सहित अन्य समाजों और संस्थाओं की भागीदारी रहेगी।
गणेशोत्सव की स्थापना पूजा में दंतेवाड़ा के विधायक चैतराम अटामी और गुमड़ा के स्वामी शामिल हुए। पहले दिन ब्राह्मण समाज के लोगों को आमंत्रित कर पूजा-अर्चना कराई गई। इसके बाद दिगंबर जैन समाज की महाआरती कराई गई। समिति का कहना है कि हर साल नगर के अलग-अलग समाजों को आयोजन से जोड़ा जाता है। समिति के सांस्कृतिक प्रमुख साजिद भारती (खान भैया) पिछले 15 वर्षाें से आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। मुस्लिम समाज से होने के बावजूद वे गणेशोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाते हैं, वहीं शेख नसीम सहित अलग-अलग समाजों के लोग भी आयोजन में सहयोग करते हैं।
सांस्कृतिक प्रमुख साजिद भारती ने बताया कि 19 सितंबर काे स्वर धारा मानस परिवार, पेंटा की भजन मंडली, डांस और गायन हाेगा। 20 सितंबर काे आस्था गुरुकुल, कस्तूरबा गांधी विद्यालय, माधवपारा स्कूल और पोटा केबिन कारली की प्रस्तुति हाेगी। 21 सितंबर- संगीत महाविद्यालय, जावंगा (गीदम) अपनी प्रस्तुति देगा। 22 सितंबर काे दंतेश्वरी म्यूजिकल ग्रुप, गीदम की प्रस्तुति हाेगी। 23 सितंबर काे सांस्कृतिक क्लब, गीदम की प्रस्तुति के साथ पुरस्कार वितरण का आयाेजन किया जायेगा। समिति ने गीदम के लोगों, व्यापारियों और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से गणेशोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे