गणेश प्रतिमा बिक्री के लिए पुरानी कृषि मंडी में बाजार निर्धारित
जगदलपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। गणेश चतुर्थी के पर्व को देखते हुए इस वर्ष नगर पालिक निगम ने गणेश प्रतिमाओं के विक्रय के लिए शहर के पुराने कृषि उपज मंडी प्रांगण को निर्धारित किया है। पुरानी कृषि मंडी परिसर में व्यापारियों ने निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित तरीके से अपनी दुकानें लगाई हैं। निगम की ओर से यहां स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त पार्किंग और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
इसके चलते प्रतिमा खरीदने आने वाले परिवारों को वाहन खड़ा करने से लेकर खरीदारी तक में आसानी हो रही है। व्यापारियों के मुताबिक, पहले शहर के अलग-अलग हिस्सों में प्रतिमा बिक्री होने से जगह की कमी, यातायात दबाव और ग्राहकों की आवाजाही जैसी समस्याएं सामने आती थीं। इस बार एक निर्धारित और सुविधाजनक स्थान मिलने से कारोबार के लिए बेहतर माहौल बना है।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान प्रतिमाओं की बिक्री के लिए शहर के मुख्य और व्यस्त स्थानों पर दुकानें लगने से यातायात का दबाव बढ़ जाता था। बड़ी संख्या में ग्राहक और वाहन पहुंचने के कारण कई बार जाम की स्थिति बनती थी। इससे व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी परेशानी होती थी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के कारोबार को प्रभावित किए बिना शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखना निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पुराने कृषि उपज मंडी परिसर को प्रतिमा बिक्री के लिए निर्धारित किया गया है। यहां पर्याप्त स्थान होने के कारण व्यापारी व्यवस्थित तरीके से दुकान लगा सकते हैं और ग्राहक भी सुविधाजनक तरीके से खरीदारी कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे