पेट्रोल पंपों पर उमड़ रही भीड़, ईंधन संकट से बढ़ी लोगों की परेशानी
धमतरी, 11 जून (हि.स.)। धमतरी में पिछले एक माह से पेट्रोल और डीजल की किल्लत बनी हुई है, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिले के कई पेट्रोल पंपों पर कभी पेट्रोल उपलब्ध नहीं रहता तो कभी डीजल की कमी हो जाती है। स्थिति यह है कि शहर के कई पेट्रोल पंप लंबे समय से बंद पड़े हैं, जबकि जिन पंपों पर ईंधन उपलब्ध है वहां सुबह से देर रात तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं।
जिले के अधिकांश पेट्रोल पंपों में पेट्रोल की अनुपलब्धता के कारण वाहन चालकों को एक पंप से दूसरे पंप तक भटकना पड़ रहा है। शहर के अंबेडकर चौक और रत्नाबांधा चौक स्थित पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। सामान्य दिनों में जहां बोतलों में भी पेट्रोल उपलब्ध कराया जाता था, वहीं अब पंपों पर बोतलों में पेट्रोल नहीं देने और ऑनलाइन माध्यम से पेट्रोल उपलब्ध नहीं कराने संबंधी सूचनाएं चस्पा कर दी गई हैं। शहर ही नहीं, आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले वाहन चालक भी ईंधन नहीं मिलने के कारण परेशान हैं और लगातार दूसरे पेट्रोल पंपों का रुख करने को मजबूर हैं। ईंधन संकट का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्व ब्लैक मार्केटिंग में भी सक्रिय हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, ब्लैक में पेट्रोल 140 से 145 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल 130 से 140 रुपये प्रति लीटर तक बेचा जा रहा है। इस अव्यवस्था के बीच लोगों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पेट्रोल और डीजल की आधिकारिक कीमतें फिलहाल स्थिर हैं। वर्तमान में पेट्रोल 108.06 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल 101.32 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध है, लेकिन पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। ईंधन संकट के चलते परिवहन व्यवस्था, कृषि कार्य और दैनिक जीवन भी प्रभावित होने लगा है, जिससे लोगों ने जल्द से जल्द नियमित आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा