12 नवंबर को रायपुर में छत्तीसगढ़ के निर्यातकों के लिए एफटीए कार्यशाला का आयोजन
यूके, ओमान, न्यूजीलैंड, यूएई और ऑस्ट्रेलिया जैसे बाजारों पर रहेगा फोकस
रायपुर, 09 नवम्बर (हि.स.)। भारत सरकार के वाणिज्य विभाग द्वारा तथा छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग विभाग के सहयोग से दिनांक 12 नवंबर को प्रातः 10:30 बजे से होटल बेबीलोन इंटरनेशनल, वीआईपी रोड, रायपुर में मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाने (लीवरएजिंग फ्री ट्रेड एग्रीमेंट-एफटीए) विषय पर एक दिवसीय राज्यस्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ के वर्तमान एवं संभावित निर्यातकों को भारत के विभिन्न मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के अंतर्गत उपलब्ध व्यापारिक अवसरों से अवगत कराना तथा उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी निर्यात संभावनाओं का विस्तार करने हेतु प्रोत्साहित करना है।
भारत द्वारा विभिन्न देशों के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौतों के अंतर्गत भारतीय उत्पादों को कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में शून्य अथवा रियायती आयात शुल्क का लाभ प्राप्त हो सकता है। इस कार्यशाला के माध्यम से निर्यातकों को विशेष रूप से यूनाइटेड किंगडम, ओमान, न्यूजीलैंड, संयुक्त अरब अमीरात , ऑस्ट्रेलिया आदि जैसे उच्च संभावनाओं वाले बाजारों में उपलब्ध एवं उभरते व्यापारिक अवसरों की जानकारी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में भारत सरकार के वाणिज्य विभाग, भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) तथा छत्तीसगढ़ शासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति अपेक्षित है।
कार्यशाला में क्षेत्र-विशिष्ट विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों के निर्यात अवसरों, संभावित निर्यात उत्पादों, उत्पत्ति के नियमों, गैर-शुल्क बाधाओं तथा मुक्त व्यापार समझौतों से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण व्यापारिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
इन सत्रों का उद्देश्य निर्यातकों को व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है, ताकि वे मुक्त व्यापार समझौतों के अंतर्गत उपलब्ध लाभों का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल