कच्चे घर से पक्के आशियाने तक, ललिता रजक की बदली जिंदगी
कोरबा 07 सितम्बर(हि. स.)। कोरबा नगर निगम क्षेत्र के कोसाबाड़ी स्थित कबीर बाग के पीछे रहने वाली श्रीमती ललिता रजक पति परदेसी रजक के लिए पक्का मकान कभी एक सपना हुआ करता था। परिवार की आर्थिक परिस्थितियों के कारण अपने पक्के घर का सपना पूरा करना आसान नहीं था। ऐसे समय में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) परिवार के लिए उम्मीद की किरण बनकर आई।
हितग्राही ललिता बताती हैं, “पहले पक्के मकान का सपना मन में था, लेकिन उसे पूरा करने की चिंता भी रहती थी। योजना का लाभ मिला तो लगा कि अब हमारा अपना पक्का घर बन सकेगा। शासन से मिली सहायता ने हमारे इस सपने को हकीकत में बदल दिया।” आज लाभार्थी ललिता और उनका परिवार अपने पक्के मकान में सुखमय जीवन व्यतीत कर रहा है। उनका कहना है कि पक्का मकान मिलने से केवल रहने की सुविधा ही नहीं मिली, बल्कि परिवार को सुरक्षा, स्थायित्व और आत्मसम्मान का एहसास भी मिला है। अब मौसम की मार की चिंता नहीं रहती और परिवार अपने घर में सुकून के साथ जीवन बिता रहा है। रजक कहती हैं, आज जब मैं अपने पक्के घर को देखती हूं तो मन में बहुत खुशी होती है। यह घर हमारे लिए सिर्फ चार दीवारें नहीं, बल्कि परिवार की खुशियों, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का सहारा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी सोच और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में मिल रहे सहयोग से मेरे परिवार का वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है। अब अपने घर में रहते हुए हमें सुरक्षा के साथ सम्मान औरआत्मविश्वासभी महसूस होता है। इसके लिए मैं शासन-प्रशासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करती हूं।”
हिन्दुस्थान समाचार /हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी