कोंडागांव में स्वतंत्रता सद्भावना दौड़ का आयोजन, स्कूली बच्चों ने निकाली तिरंगा यात्रा
कोंडागांव, 15 अगस्त (हि.स.)। जिले में स्वतंत्रता दिवस के पहले देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का माहौल देखने को मिला। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से विकास नगर स्टेडियम में स्वतंत्रता सद्भावना दौड़ का आयोजन किया गया। वहीं, शासकीय प्राथमिक शाला डोंगरीपारा, करंजी के स्कूली बच्चों ने गांव में तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों को 'हर घर तिरंगा' अभियान का संदेश दिया।
स्वतंत्रता सद्भावना दौड़ में युवाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं, प्रशिक्षणार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साह से हिस्सा लिया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। दौड़ विकास नगर स्टेडियम से शुरू होकर जिला न्यायालय परिसर, नेशनल हाईवे, जयस्तंभ चौक और बाजारपारा होते हुए वापस स्टेडियम में समाप्त हुई।
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि यह दौड़ देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को समर्पित है। उन्होंने लोगों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से युवाओं में अनुशासन, एकता और राष्ट्र निर्माण की भावना बढ़ती है।
स्वतंत्रता सद्भावना दौड़ के अलग-अलग वर्गों में विजेताओं को सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में दासीराम मंडावी प्रथम, प्रदीप मरकाम द्वितीय और दुर्गेश मरकाम तृतीय रहे। महिला वर्ग में पार्वती नेताम प्रथम, राधिका मरकाम द्वितीय और अमृत कोर्राम तृतीय रहीं। बालक वर्ग में दिलीप मंडावी, मुकेश नेताम और श्यामलाल कोर्राम ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में साक्षी नेताम, जुगोन्ती नेताम और शिवांती नेताम विजेता रहीं। सीनियर सिटीजन वर्ग में सन्तु साहू प्रथम और जेपी. शर्मा द्वितीय रहे।
कार्यक्रम में लोगों को नशामुक्त भारत अभियान के तहत नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। इसी क्रम में शासकीय प्राथमिक शाला डोंगरीपारा, करंजी के बच्चों ने भी तिरंगा यात्रा निकाली। शिक्षक और कार्यक्रम संयोजक टी. वेंकट राव के नेतृत्व में यात्रा स्कूल परिसर से शुरू हुई। बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर गांव के चौक-चौराहों और गली-मोहल्लों से होते हुए घर-घर पहुंचे। बच्चों ने ग्रामीणों को तिरंगा भेंट किया और स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की। इस दौरान 'वंदे मातरम्' के नारे और देशभक्ति गीत गूंजते रहे। बच्चों ने लोगों को तिरंगे के महत्व और राष्ट्रध्वज के सम्मान के बारे में भी बताया।
शिक्षक टी. वेंकट राव ने बच्चों को तिरंगे के इतिहास और उसके सम्मान की जानकारी दी। शिक्षिका सारिका वैष्णव ने तिरंगे के तीनों रंगों का महत्व समझाते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, त्याग, शांति और समृद्धि का प्रतीक है। यह तिरंगा यात्रा 7 से 15 अगस्त तक चल रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान का हिस्सा थी। दोनों आयोजनों के जरिए कोंडागांव में लोगों को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे