अब धमतरी में ही मिलेगी कैंसर विशेषज्ञों की निःशुल्क सलाह, हर माह लगेगी विशेष ओपीडी

 


धमतरी, 03 नवंबर (हि.स.)। बालको मेडिकल सेंटर नवा रायपुर के साथ जिला अस्पताल का एमओयू, हर महीने दूसरे मंगलवार और चौथे शुक्रवार को मरीजों को मिलेगा विशेषज्ञ परामर्श

कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान और बेहतर उपचार की दिशा में जिला अस्पताल धमतरी ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब जिले के मरीजों को कैंसर विशेषज्ञों से परामर्श लेने के लिए रायपुर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जिला अस्पताल और बालको मेडिकल सेंटर नवा रायपुर के बीच कैंसर की प्रारंभिक जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श के लिए निःशुल्क ओपीडी संचालन को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस व्यवस्था के तहत प्रत्येक माह दो दिन अनुभवी कैंसर विशेषज्ञ जिला अस्पताल में अपनी सेवाएं देंगे।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाने के लिए समय पर पहचान और उचित उपचार अत्यंत आवश्यक है। जिला अस्पताल में बालको मेडिकल सेंटर के विशेषज्ञों की निःशुल्क ओपीडी शुरू होने से मरीजों को अपने ही जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और प्रारंभिक जांच की सुविधा मिलेगी। इससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को राहत मिलेगी। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। इसके लिए शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों और विशेषज्ञ चिकित्सा संस्थानों के बीच समन्वय को और मजबूत किया जा रहा है।

सिविल सर्जन डॉ. आदित्य सिन्हा ने बताया कि निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को डॉ. अभिनव अशोक इंगले, एमडी रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट एवं विभागाध्यक्ष (रेडिएशन विभाग) तथा चौथे शुक्रवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद पटेल, एमडी रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट मरीजों को परामर्श देंगे। ओपीडी में कैंसर के संभावित लक्षणों वाले और जांच की आवश्यकता महसूस करने वाले मरीजों की स्क्रीनिंग कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य कैंसर के शुरुआती लक्षणों की समय रहते पहचान करना, मरीजों को सही मार्गदर्शन देना तथा आवश्यकता पड़ने पर आगे की जांच और उपचार के लिए उपयुक्त संस्थान तक पहुंच सुनिश्चित करना है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को प्रारंभिक विशेषज्ञ परामर्श के लिए रायपुर जाने की परेशानी और खर्च से राहत मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि बालको मेडिकल सेंटर, वेदांता मेडिकल रिसर्च फाउंडेशन की प्रमुख स्वास्थ्य पहल है। नवा रायपुर स्थित यह 170 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक तृतीयक कैंसर उपचार संस्थान है, जहां कैंसर की रोकथाम, जांच और उपचार की विशेष सुविधाएं उपलब्ध हैं। जिला अस्पताल और बालको मेडिकल सेंटर के बीच यह सहयोग जिले में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर स्क्रीनिंग को प्रोत्साहित करने और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को लाभ मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा