सूरजपुर : जिला अस्पताल में 18 जून को आयोजित होगा विशाल निशुल्क कैंसर जांच शिविर
अपोलो कैंसर सेंटर बिलासपुर के विशेषज्ञ करेंगे जांच, ईएसआईसी एवं आयुष्मान योजना के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा
सूरजपुर, 17 जून (हि.स.)। जिला चिकित्सालय सूरजपुर के सौजन्य से 18 जून को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जिला अस्पताल सूरजपुर में विशाल निशुल्क कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इस शिविर में अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर के कैंसर विशेषज्ञ (रेडिएशन ऑन्कोलॉजी) डॉ. सौरव पॉल द्वारा मरीजों की जांच एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य कैंसर रोग की समय रहते पहचान कर नागरिकों को उचित उपचार की दिशा प्रदान करना है।
चिकित्सकों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति में वजन का लगातार कम होना, स्तन में गांठ या आकार में परिवर्तन, हड्डियों में दर्द, पेशाब में खून आना, शरीर में खून की कमी, अथवा मुंह में छाले एवं गांठ जैसे लक्षण दिखाई दें, तो वे इस शिविर में पहुंचकर अनिवार्य रूप से जांच कराएं। ऐसे लक्षण कैंसर के प्रारंभिक संकेत हो सकते हैं, जिनकी समय पर पहचान होने से उपचार अधिक प्रभावी हो जाता है।
शिविर में आने वाले मरीजों के लिए ईएसआईसी एवं आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कैंसर के कैशलेस इलाज की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। आयोजकों ने बताया कि जांच के लिए आने वाले मरीज अपनी पुरानी रिपोर्ट साथ अवश्य लेकर आएं, ताकि चिकित्सकों को उचित परामर्श एवं उपचार निर्धारण में सुविधा मिल सके।
अधिक जानकारी एवं पंजीयन हेतु इच्छुक नागरिक दूरभाष क्रमांक 7777879370 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक नागरिकों से इस नि:शुल्क शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय