विश्व अर्श दिवस पर कोरबा में निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर, हीमोग्लोबिन और शुगर की हुई जांच
नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने दी चिकित्सकीय परामर्श सेवा, बोले- लंबे समय तक कब्ज रहना अर्श का प्रमुख कारण
कोरबा, 20 नवंबर (हि. स.)। विश्व अर्श दिवस (वर्ल्ड पाइल्स डे) के अवसर पर 20 नवंबर को स्वस्थ भारत समृद्ध भारत अभियान के अंतर्गत ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत कोरबा में निशुल्क आयुर्वेद-योग एवं चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में अंचलवासियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
शिविर में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ एवं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अपनी चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान हीमोग्लोबिन, रक्तचाप और रक्त शर्करा की जांच निशुल्क की गई। साथ ही स्त्री, पुरुष एवं बच्चों में होने वाली अर्श (बवासीर), भगंदर, कब्ज, अम्लपित्त और विभिन्न उदर रोगों के संबंध में आयुर्वेदिक चिकित्सा परामर्श दिया गया। शिविर में इन समस्याओं से राहत के लिए लाभकारी बताए गए अर्श हर क्वाथ का भी निशुल्क वितरण किया गया।
डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि अनियमित दिनचर्या, तला-भुना एवं मिर्च-मसालेदार भोजन तथा लंबे समय तक कब्ज बने रहना अर्श (बवासीर) के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मल त्याग के समय दर्द, जलन, खुजली और रक्तस्राव जैसे शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर कई लोग संकोचवश इसकी जानकारी छिपाते हैं। इससे बीमारी बढ़ सकती है। ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते योग्य चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
उन्होंने अर्श से बचाव के लिए संतुलित एवं संयमित आहार-विहार अपनाने, नियमित दिनचर्या रखने और कब्ज की समस्या को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय पर उचित चिकित्सकीय परामर्श, उपचार और खानपान में सुधार से रोग को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
शिविर के आयोजन में श्री शिव औषधालय की संचालिका प्रतिभा शर्मा सहित नेत्रनन्दन साहू, अश्वनी बुनकर, कमल धारिया, कुश गुप्ता, मनीष कौशिक, कविरंजन दास, देवबली कुंभकार, सिद्धराम शाहनी, अनुराग कंवर, गुनगुन राठिया, पंचकर्म टेक्नीशियन पिंकी बरेठ एवं शैल कुमारी निषाद ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी