पामगढ़ में नौकरी लगाने का झांसा देकर 2.09 लाख की ठगी, आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 27 अगस्त (हि. स.)। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में आबकारी विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 2 लाख 9 हजार 500 रुपये की ठगी करने के मामले में पामगढ़ पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया है।
आरोपित की पहचान राहुल कुमार जाटवर (25), निवासी अमलडीहा, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई करते हुए आज गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पामगढ़ थाना क्षेत्र की निवासी लीला मेहर की पहचान अगस्त 2025 में राहुल कुमार जाटवर से हुई थी। आरोपित ने खुद को आबकारी विभाग में लोगों की नौकरी लगवाने वाला बताया और पीड़िता को भी सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बदले आरोपित ने उससे 6 लाख रुपये की मांग की थी।
नौकरी लगने की उम्मीद में पीड़िता ने 10 सितंबर 2025 को आरोपित को अलग-अलग लोगों के फोन-पे नंबरों के माध्यम से एक लाख रुपये और एक लाख रुपये नगद दिए। इसके बाद आरोपित ने अधिकारियों को पैसे देने की बात कहकर दोबारा 9,500 रुपये फोन-पे के जरिए मंगाए। इस तरह पीड़िता से कुल 2 लाख 9 हजार 500 रुपये लिए गए।
आरोपित ने पीड़िता को मार्च 2026 तक नौकरी लग जाने का भरोसा दिलाया था। इतना ही नहीं, उसने विश्वास दिलाने के लिए एक लाख रुपये का चेक भी दिया। हालांकि, आबकारी विभाग की सूची में पीड़िता का नाम नहीं आया। इसके बाद जब उसने आरोपित से अपनी रकम वापस मांगी तो वह लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में आरोपित ने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर दिया।
ठगी का शिकार होने के बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत पामगढ़ थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 347/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपित राहुल कुमार जाटवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
यह कार्रवाई एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी, सहायक उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार कोशले, प्रधान आरक्षक विनोद मनहर, भुनेश्वर पटेल और बेदराम पटेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT