जांजगीर-चांपा : टेलीग्राम पर डबल मुनाफा का झांसा देकर 27 लाख से अधिक की ठगी, दो आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 23 अप्रैल (हि. स.)। जिले में ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां टेलीग्राम के जरिए निवेश पर दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 27 लाख से अधिक की ठगी की गई। मामले की शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज गुुरुवार काे दो आरोपिताें को औरंगाबाद से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना चांपा क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय युवक राजेश कुमार सोनी ने अपने मोबाइल में टेलीग्राम ऐप डाउनलोड किया था। 7 दिसंबर 2025 को एक युवती ने उससे संपर्क कर एक निवेश कंपनी में पैसा लगाने पर अधिक लाभ का लालच दिया। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया, जहां अन्य सदस्य भी लगातार निवेश के लिए प्रेरित करते रहे।
झांसे में आकर युवक ने अलग-अलग तिथियों में आरटीजीएस, यूपीआई, एटीएम और पेटीएम के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में कुल 27 लाख 26 हजार 614 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसे ठगी का एहसास हुआ, तो उसने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में साइबर पुलिस टीम ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान एक बैंक खाते का सुराग मिला, जिसमें 42 हजार ट्रांसफर किए गए थे। यह खाता उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक में संचालित पाया गया।
जांच के आधार पर पुलिस टीम औरंगाबाद पहुंची और आरोपित आवेज मसूद शेख को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने मित्र अब्दुल वाहिद के कहने पर बैंक खाता खुलवाया था, जिसका उपयोग ठगी की रकम जमा करने के लिए किया जाता था। वह रकम निकालकर अपने साथी को सौंप देता था और इसके बदले उसे कमीशन मिलता था।
पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए सह-आरोपित अब्दुल वाहिद को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह दिल्ली निवासी एक व्यक्ति के निर्देश पर यह काम करता था और उसे भी कमीशन प्राप्त होता था। पुलिस ने दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर आज गुरुवार काे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है तथा मामले में एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।
आरोपिताेंं के कब्जे से नगदी राशि, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और बैंक पासबुक भी बरामद किए गए हैं। इस पूरी कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले निवेश प्रस्तावों से सतर्क रहें। बिना सत्यापन किसी भी खाते में पैसा ट्रांसफर न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT