बकाया टैक्स नहीं चुकाने वाले चार दुकानों पर निगम ने लगाया ताला, तीन को मिली राहत
धमतरी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम ने बकाया टैक्स और दुकान किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्ती तेज कर दी है। निगम द्वारा लगातार दूसरे दिन भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। गुरुवार को हटकेश्वर स्कूल के सामने स्थित परिसर की दो और रामबाग बाजार क्षेत्र की दो दुकानों सहित कुल चार दुकानों को सील किया गया। वहीं, मौके पर 34 हजार रुपये जमा किए जाने के कारण तीन अन्य दुकानों को सील करने की कार्रवाई नहीं की गई।
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि की वसूली के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। गौरतलब है कि इससे पहले भी दुकान किराया और टैक्स जमा नहीं करने पर दो दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। निगम द्वारा करदाताओं को लगातार सूचना देने और बार-बार मोहलत देने के बावजूद कई बकायादार राशि जमा नहीं कर रहे हैं। ऐसे में निगम ने अब सख्त रुख अपनाते हुए सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी है। आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जिन दुकानदारों ने अब तक बकाया राशि जमा नहीं की है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अगले सप्ताह ऐसे बकायादारों की सूची सार्वजनिक रूप से चस्पा की जाएगी, ताकि बकाया राशि जमा नहीं करने वालों की जानकारी आम नागरिकों को भी मिल सके। निगम प्रशासन ने नल कनेक्शन लेने के बावजूद निर्धारित शुल्क जमा नहीं करने वालों के खिलाफ भी शीघ्र कार्रवाई करने की तैयारी की है। इस कार्रवाई में नितिन बनवासी, मोहम्मद शेरखान, संजय गुप्ता, सामर्थ्य रणसिंह, पवन देवांगन, दीपक पांडेय, छबि प्रजापति, सन्नी वाल्मीकि, बंसीदीप और निलेश कोर्राम सहित निगम के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा