धान खरीद की दर बढ़ाने समेत आठ मांगों पर किसानों का प्रदर्शन
धमतरी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ किसान यूनियन ने मंगलवार को आठ सूत्री मांगों को लेकर मंगलवार काे कलेक्ट्रेट का घेराव किया। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर यूनियन के सदस्यों को आगे बढ़ने से रोका। यूनियन ने वर्ष 2026-27 में धान की खरीद 3558 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने की मांग प्रमुखता से उठाई। किसानों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
किसान यूनियन संघ के जिलाध्यक्ष घनाराम साहू, रामनिहोरा निषाद, महावीर साहू, मनहरण साहू और भोजराम साहू ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से समर्थन मूल्य में की गई बढ़ोतरी का लाभ किसानों को मिलना चाहिए। वर्ष 2026-27 में धान की खरीद 3558 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की बकाया धान अंतर राशि का भुगतान भी वर्तमान खरीद के साथ किया जाना चाहिए ताकि किसानों को आर्थिक राहत मिल सके। इसके साथ ही राजीव गांधी किसान न्याय योजना की बकाया चौथी किस्त की राशि जारी करने की मांग की।
उन्होंने बिजली बिलों में अनियमितता पर रोक लगाने और स्मार्ट मीटर के कारण उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी दूर करने की मांग उठाई। यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि स्मार्ट मीटर हटाकर पहले की तरह सामान्य मीटर लगाए जाएं ताकि बिजली बिल को लेकर किसानों और आम उपभोक्ताओं की दिक्कतें दूर हो सकें।यूनियन ने किसानों को धान बेचने में होने वाली परेशानी दूर करने के लिए आनलाइन गिरदावरी बंद कर आफलाइन प्रक्रिया से धान खरीद करने की मांग भी रखी। दलहन-तिलहन की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए 5000 रुपये प्रति एकड़ बोनस देने और इसके लिए पुस्तिका की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की गई।
इसके अलावा कृषि उपज मंडियों में समर्थन मूल्य से कम दर पर बोली रोकने की व्यवस्था बनाने तथा रबी फसल की सिंचाई के लिए गंगरेल बांध से नहरों में पानी छोड़ने की मांग उठाई। इस दौरान प्रदेश किसान संघ के सुदेश टीकम, मधु राम साहू, श्रीराम साहू, हनुमान सिन्हा सहित किसान यूनियन के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा