पूर्व विधायक संतोष बाफना ने सोशल मीडिया में कथित दुष्प्रचार के जांच की मांग का साैंपा ज्ञापन

 


जगदलपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। पूर्व विधायक संतोष बाफना ने युवती के आत्महत्या प्रकरण में सोशल मीडिया पर चल रहे कथित दुष्प्रचार को लेकर पुलिस प्रशासन को सोशल मीडिया अकाउंट्स के स्क्रीनशॉट, डिजिटल लिंक, वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सौंपे हैं। इन तमाम सामग्रियों को एक पेन ड्राइव में संकलित कर पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज और जिला कलेक्टर को मंगलवार काे दिए गए ज्ञापन के साथ प्रस्तुत किया गया है।

संतोष बाफना ने मांग की है कि सोशल मीडिया पर उनके परिवार, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और कर्मचारियों के खिलाफ भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले अकाउंट्स की पहचान कर उनके पीछे शामिल लोगों और सामग्री के मूल स्रोतों का पता लगाया जाए।

युवती की आत्महत्या के बाद से ही यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब तक घटना की जांच के साथ सोशल मीडिया पर चल रहे आरोप-प्रत्यारोप भी विवाद का हिस्सा बन गए हैं। संताेष बाफना का आरोप है कि आधिकारिक जांच पूरी होने और वास्तविक तथ्य सामने आने से पहले ही कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स के माध्यम से उनके परिवार और प्रतिष्ठान के खिलाफ एकतरफा तथा भ्रामक नैरेटिव प्रसारित किए जा रहे हैं।

उन्होंने आशंका जताई है कि इसके पीछे व्यक्तिगत द्वेष, पुरानी रंजिश अथवा किसी सुनियोजित अभियान की भूमिका हो सकती है। इस पूरे मामले में सबसे अहम पहलू पुलिस को सौंपे गए डिजिटल साक्ष्य हैं। संताेष बाफना ने सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट और वीडियो के स्क्रीनशॉट, संबंधित लिंक तथा उपलब्ध अकाउंट संबंधी जानकारी पेन ड्राइव में संकलित कर प्रशासन को सौंपी है। उन्होंने मांग की है कि इन अकाउंट्स के संचालकों, पोस्ट के मूल स्रोत और सामग्री को आगे प्रसारित करने वालों की पहचान के लिए तकनीकी जांच कराई जाए।

ज्ञापन में यह भी सवाल उठाया गया है कि क्या अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट्स से एक जैसी भ्रामक सामग्री प्रसारित कर किसी सुनियोजित अभियान के तहत उनके परिवार की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है? बाफना ने पुलिस से डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी परीक्षण कराने और जांच में किसी व्यक्ति या समूह की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के साथ संताेष बाफना ने जगदलपुर के विभिन्न समाजों के प्रमुखों और प्रतिनिधियों को भी पत्र भेजकर पूरे घटनाक्रम पर अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि लगभग 25 वर्षों से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहने के कारण शहर के विभिन्न समाजों, व्यापारिक संगठनों और नागरिकों से उनके पारिवारिक एवं सामाजिक संबंध रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर प्रसारित एकतरफा जानकारी के कारण किसी परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित न हो, इसलिए समाज प्रमुखों को वास्तविक स्थिति से अवगत कराना जरूरी समझा।

संताेष बाफना ने दिवंगत युवती के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि एक युवा जीवन का असमय समाप्त होना बेहद दुखद है। वे चाहते हैं कि घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो तथा वास्तविक दोषी सामने आएं। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिवार ने पुलिस को सूचित किया था और जांच में हरसंभव सहयोग किया जा रहा है। बाफना ने पुलिस प्रशासन से समय-समय पर अधिकृत मीडिया ब्रीफिंग के माध्यम से जांच से जुड़े सत्यापित तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग की है।

पूर्व विधायक ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य युवती के परिवार को न्याय मिलने की प्रक्रिया में बाधा डालना नहीं है। उनकी मांग है कि आत्महत्या के मूल प्रकरण की जांच के साथ सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक प्रचार करने वाले अकाउंट्स और उनके पीछे सक्रिय लोगों की भूमिका की भी पड़ताल हो। उनका कहना है कि युवती को न्याय मिलना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निर्दोष परिवार, कर्मचारी या प्रतिष्ठान को बिना प्रमाण सार्वजनिक रूप से दोषी न ठहराया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे