वन मंत्री ने स्वयं कराया बस्तर ओलंपिक में पंजीयन, कहा-हर गांव की प्रतिभा पहुंचे मैदान तक
जगदलपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जिला मुख्याल के धरमपुरा स्थित खेल परिसर में बुधवार काे आयोजित कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर ओलंपिक में स्वयं पंजीयन कराया और बस्तर ओलम्पिक के शुभंकर के साथ फोटो खिंचवाई।
इस मौके पर उन्होंने बस्तर ओलम्पिक 2026 के लिए अधिकाधिक खेल प्रतिभाओं, युवाओं और महिलाओं के पंजीयन पर जोर देते हुए कहा कि बस्तर ओलंपिक गांव-गांव की खेल प्रतिभाओं को अवसर देने का बड़ा मंच है। वर्ष 2025 में 3 लाख 91 हजार 289 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था। इस बार दोगुने पंजीयन का लक्ष्य है, इसे ध्यान रखते हुए ज्यादा से ज्यादा प्रतिभागियों की सहभागिता के लिए प्रयास जरूरी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अधिक से अधिक खिलाड़ियों को जोड़ने की अपील करते हुए कहा कि ‘नया बस्तर’ की पहचान उसके प्रतिभाशाली युवाओं से बनेगी। इस दौरान विधायक चित्रकोट विनायक गोयल समेत अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे