वन मंत्री ने ग्राम चेमा में 54 लाख के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
कोंड़ागांव, 10 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप ने आज शुक्रवार को मर्दापाल क्षेत्र के ग्राम चेमा में लगभग 54 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए शासन की प्रतिबद्धता दोहराई। वन मंत्री ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से भी संवाद किया। उन्होंने महिलाओं को पशुपालन, मत्स्य पालन तथा अन्य आजीविका आधारित गतिविधियों से जुडऩे के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इन माध्यमों से वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री ने कहा कि माओवाद के प्रभाव में कमी आने के बाद बस्तर के अंदरूनी क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिली है। शासन की प्राथमिकता है कि दूरस्थ गांवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं तेजी से पहुंचें, ताकि ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर हो और वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि सरकार गांवों के समग्र विकास के साथ-साथ लोगों के आर्थिक सशक्तीकरण पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, जनपद सदस्य रमशीला कोर्राम, सरपंच खेम सोरी, सतबती कश्यप, सनत शोरी, बिशनाथ कोर्राम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे