वन मंत्री पंहुचे दरभागुड़ा, पादरियों के प्रवेश निषेध करने वाले ग्रामीणों का बढ़ाया हौसला

 


सुकमा, 28 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप अचानक कभी घुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाले सुकमा जिले के दरभागुड़ा गांव आज रविवार सुबह पहुंचे, सड़क किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों को देखकर मंत्री ने अपना काफिला रुकवाया और लोगों से सीधे संवाद किया।

हाल ही में ग्राम सभा द्वारा पादरियों एवं धर्मांतरण गतिविधियों के विरोध में प्रवेश निषेध संबंधी प्रस्ताव पारित किए जाने पर वन मंत्री केदार कश्यप ने ग्रामीणों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामसभा के संवैधानिक अधिकारों के तहत लिए गए निर्णयों का सम्मान होना चाहिए और सामाजिक एकजुटता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

मंत्री कश्यप ने ग्रामीणों का हौसला बढ़ाते हुए गांव के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान समाजसेवी पी. विजय भी मौजूद रहे। उन्होंने भी ग्रामीणों से चर्चा कर सामाजिक समरसता और गांव के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग रखी। मांगों पर त्वरित निर्णय लेते हुए मंत्री केदार कश्यप ने दो पुलियों तथा एक बोरवेल की स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की। मंत्री की इस घोषणा पर ग्रामीणों ने उनका आभार व्यक्त किया। दरभागुड़ कभी नक्सल गतिविधियों के कारण प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की पहुंच से दूर माना जाता था। ऐसे गांव में मंत्री का पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद करना और विकास कार्यों की स्वीकृति देना क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का संकेत माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे