वन विभाग ने डिपॉजिट-14 में हुए भीषण भूस्खलन मामले में वन अपराध दर्ज किया
वन विभाग ने डिपॉजिट-14 में हुए भीषण भूस्खलन मामले में वन अपराध दर्ज किया
दंतेवाड़ा , 26 नवंबर (हि.स.)। दंतेवाड़ा जिले के एनएमडीसी बैलाडीला के डिपॉजिट-14 में हुए भीषण भूस्खलन ने सिर्फ पहाड़ का मलबा नीचे नहीं गिराया, बल्कि अपने साथ जंगल, वनस्पति और प्राकृतिक जलस्रोत को भी नुकसान पहुंचाया है। इसे लेकर वन विभाग ने संबंधित एजेंसी एनएमडीसी के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है। हालांकि अभी नुकसान का अंतिम आकलन नहीं हुआ है।
वन विभाग का कहना है कि जब तक भूस्खलित मलबा स्थिर नहीं हो जाता, तब तक मौके पर विस्तृत निरीक्षण करना संभव नहीं है। इसके बाद पेड़-पौधों, वनस्पति और जंगल के पुनर्जीवन को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाएगा। वन विभाग के कंपार्टमेंट नंबर 673 आरक्षित वन क्षेत्र में इस घटना का असर सामने आया है। वन विभाग सीसीएफ स्टाइलो मंडावी ने शुरुआती आकलन में लगभग 30 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित होने की जानकारी दी है। इसके साथ ही लगभग तीन किलोमीटर लंबे नाले में भी खनन का अपशिष्ट पदार्थ पहुंचने की बात कही गई है। यानी मामला सिर्फ पहाड़ से मलबा गिरने तक सीमित नहीं है, बल्कि जंगल और प्राकृतिक जलप्रवाह की व्यवस्था पर भी इसका असर पड़ा है।
मुख्य वन संरक्षक बस्तर स्टाइलो मंडावी ने गुरूवार काे बताया कि 17 नवंबर की रात किरंदुल के डिपॉजिट-14 का ओवरबर्डन भूस्खलित होकर नीचे गिरा। इससे वन विभाग के कंपार्टमेंट नंबर 673 आरक्षित वन क्षेत्र में करीब 30 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित होने का अनुमान है। लगभग ढाई से तीन किलोमीटर का नाला भी प्रभावित हुआ है और भूस्खलित अपशिष्ट पदार्थ नाले में पहुंचे हैं। संबंधित एजेंसी के विरुद्ध वन अपराध दर्ज किया गया है। मलबा स्थिर होने के बाद मौके का निरीक्षण कर वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाएगा। पेड़-पौधों और जंगल के पुनर्जीवन को हुए नुकसान की जानकारी भी विस्तृत जांच के बाद सामने आएगी।
दंतेवाड़ा के वनमंडलाधिकारी रंगनाथ रामकृष्ण वाय के अनुसार वन विभाग की टीम घटना से हुए नुकसान का आकलन कर रही है। जांच और नाप-जोख पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि यदि जांच में वन भूमि को नुकसान पहुंचाने और निर्धारित नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो वन अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। अभी भी जो लैंड स्लाइड है ,वो पूरी तरह नहीं रुका है, आगे खिसक रहा है। जो भूस्खलन एरिया कितना है, अभी पता नहीं चला है। अभी अगल-बगल से कितने पेड़ डैमेज हुए हैं उसका आंकड़ा निकाल रहे हैं, जो नुकसान हुआ है उसकी भरपाई के लिए एनएमडीसी से डिमांड करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे