रायपुर में मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग का छापा, पांच मिठाइयों के सैंपल जब्त; दो दुकानदारों को नोटिस
रायपुर, 5 नवंबर (हि. स.)। दीपावली के त्योहार से पहले मिठाइयों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने रायपुर में जांच अभियान तेज कर दिया है।
गुरुवार को खाद्य विभाग की टीम ने शहर के तीन नामी मिठाई प्रतिष्ठानों में दबिश देकर जांच की। इस दौरान कलाकंद, बर्फी, चमचम और पेड़े के कुल पांच विधिक नमूने लिए गए। वहीं, दो दुकानों में खामियां मिलने पर संचालकों को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य विभाग की टीम ने बैजनाथ पारा स्थित मोतीमहल बीकानेर मिष्ठान भंडार, सुंदर नगर स्थित श्री बीकानेर स्वीट्स और अग्रसेन चौक स्थित न्यू बजरंग दूध एवं भोग भंडार का निरीक्षण किया।
दो दुकानों में मिली खामियां, जारी हुआ नोटिस
जांच के दौरान बैजनाथ पारा के मोतीमहल बीकानेर मिष्ठान भंडार से कलाकंद का नमूना लिया गया। प्रतिष्ठान में कुछ कमियां पाए जाने पर संचालक को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया।
वहीं, सुंदर नगर स्थित श्री बीकानेर स्वीट्स से कलाकंद, बर्फी और चमचम के नमूने लिए गए। यहां भी निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर दुकान संचालक को नोटिस जारी कर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुधार करने के निर्देश दिए गए।
अग्रसेन चौक की दुकान से पेड़ा और कलाकंद के सैंपल
खाद्य सुरक्षा टीम ने अग्रसेन चौक स्थित न्यू बजरंग दूध एवं भोग भंडार की भी जांच की। यहां से पेड़ा और कलाकंद के विधिक नमूने संग्रहित किए गए। तीनों प्रतिष्ठानों से लिए गए कुल पांच नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल (आईएएस) के निर्देश पर त्योहारी सीजन में मिठाई दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। नमूनों की जांच रिपोर्ट और नोटिस के जवाब के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई, गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करने की हिदायत दी है। साथ ही स्पष्ट किया है कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान मिलावटी मिठाइयों की बिक्री रोकने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर