रायपुर : त्योहारों से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित
रायपुर, 31 अक्टूबर (हि. स.)। दीपावली सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आज बड़ी कार्रवाई की।
नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक अग्रवाल ने स्वयं टीम के साथ बिरगांव, समता कॉलोनी, रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास और कमल विहार स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच में कई जगह गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां सामने आईं।
खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खत्री स्वीट्स बिरगांव, लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स (ब्रेड बास्केट) समता कॉलोनी और अग्रवाल मिठाई वाला के खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए। स्वच्छता मानकों का पालन होने तक इन प्रतिष्ठानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
खत्री स्वीट्स में मिठाई निर्माण के लिए रखे दूध में कीड़े पाए गए। यहां से लगभग 80 लीटर दूध, 3 किलो केक और 20 किलो चमचम नष्ट कराने की कार्रवाई की गई। समता कॉलोनी स्थित ब्रेड बास्केट में परिसर के अंदर चूहे घूमते मिले। यहां करीब 80 किलो ब्रेड नष्ट कराई गई।
अग्रवाल मिठाई वाला में गंदगी मिलने पर बड़ी मात्रा में बालूशाही, रसगुल्ला, खोवा और अन्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। वहीं, कमल विहार स्थित कृष्णा स्वीट्स बिना खाद्य लाइसेंस संचालित मिला। यहां से 720 किलो डिलिशियस स्वीट्स, 112 किलो मैसूर पाक और 3960 किलो कुन्दा जब्त किया गया।
नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। खाद्य पदार्थों के नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर