रक्षाबंधन से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच, 23 अगस्त तक चलेगा अभियान

 


बलरामपुर, 18 अगस्त (हि.स.)।बलरामपुर जिले में रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सघन जांच अभियान शुरू किया गया है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम 17 से 23 अगस्त तक 'बने खाबो बने रहिबो 2.0' खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन अभियान के तहत मिठाई दुकानों, डेयरी और किराना प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है। अभियान का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी नियंत्रण करना है।

रक्षाबंधन के दौरान मिठाई और डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ने को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जिले में संचालित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, मानक और उनकी जानकारी से संबंधित आवश्यक बिंदुओं की जांच की जा रही है।

खाद्य पदार्थों में मिलावट, मिथ्याछाप, भ्रामक जानकारी देने, असुरक्षित खाद्य सामग्री तथा प्रतिबंधित एनालॉग डेयरी उत्पादों के निर्माण, वितरण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए टीम विशेष निगरानी कर रही है।

अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि जांच के दौरान किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर उसका नमूना लिया जा रहा है। इन नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई खाद्य पदार्थ अमानक पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत नियमानुसार प्रकरण दर्ज किया जाएगा और उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

'बने खाबो बने रहिबो 2.0' अभियान के तहत 17 से 23 अगस्त तक जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का सिलसिला जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य पर्व के दौरान बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी रखते हुए आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय