श्याम कार्तिक महोत्सव में 23 नवंबर को प्रस्तुति देंगी लोक कलाकार आरू साहू, ग्राम सरखों में सजेगी सांस्कृतिक संध्या
जांजगीर-चांपा, 17 नवम्बर (हि. स.)। जिले के ग्राम सरखों में आयोजित होने वाले श्याम कार्तिक महोत्सव में इस बार छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक कलाकार आरू साहू अपनी शानदार प्रस्तुति देंगी। वे 23 नवंबर को ग्राम सरखों पहुंचेंगी और अपने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
ग्राम सरखों के युवा नेता किशोर साव ने बताया कि आरू साहू छत्तीसगढ़ी लोकगीतों और पारंपरिक लोककला के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखती हैं। उनकी मधुर आवाज और आकर्षक मंचीय प्रस्तुतियों को दर्शकों का भरपूर प्यार मिलता है। उनके आगमन की खबर से क्षेत्र के संगीत प्रेमियों और ग्रामीणों में खासा उत्साह है।
श्याम कार्तिक महोत्सव के दौरान होने वाली यह सांस्कृतिक संध्या छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ ही आयोजन का प्रमुख आकर्षण बनेगी। कार्यक्रम में ग्राम सरखों सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
महोत्सव को लेकर ग्रामीणों और आयोजकों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। अब क्षेत्रवासियों को 23 नवंबर का बेसब्री से इंतजार है, जब लोक कलाकार आरू साहू अपनी शानदार प्रस्तुति से सांस्कृतिक कार्यक्रम में चार चांद लगाएंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT