नौ गांवों में मक्खियों का हमला, हैजा फैलने की आशंका से ग्रामीणों में दहशत

 


पोल्ट्री फार्म पर लापरवाही का आरोप, रविवार तक राहत नहीं मिली तो ताला जड़ने की चेतावनी

धमतरी, 30 मई (हि.स.)। मगरलोड विकासखंड के नौ गांव इन दिनों मक्खियों के भारी प्रकोप से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिरझुली-कुसुमखूंटा स्थित निजी पोल्ट्री फार्म से फैल रही गंदगी और अव्यवस्था के कारण लाखों की संख्या में मक्खियां आसपास के गांवों में पहुंच रही हैं। घरों, आंगनों और रसोई तक मक्खियों के झुंड मंडरा रहे हैं, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है और हैजा सहित संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है।

ग्रामीणों के अनुसार बिरझुली-कुसुमखूंटा में लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में संचालित पोल्ट्री फार्म में अंडा उत्पादन किया जाता है। यहां से उत्पन्न मक्खियों का असर अब नौ गांवों तक पहुंच चुका है। प्रभावित गांवों में बिरझुली, कुसुमखूंटा, कमारिनमुड़ा, आलेखूंटा, पेंड्रा, पंडरीपानी, गोबरा पठार पुराना, नया गोबरा पठार और बोदलबाहरा शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि लोगों को गलियों और सड़कों पर निकलते समय चेहरे पर स्कार्फ बांधना पड़ रहा है। मक्खियां भोजन, पेयजल और रसोई तक पहुंच रही हैं, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य दोनों पर खतरा मंडरा रहा है। कई घरेलू उपाय और कीटनाशक प्रयोग करने के बावजूद राहत नहीं मिल रही है। उल्टे मक्खियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

हैजा फैलने का डर, बढ़ रहा आक्रोश:

सरपंच पुष्पलता सिन्हा, रामायण सिन्हा, उपसरपंच लक्ष्मीनारायण साहू तथा अन्य ग्रामीणों ने बताया कि मक्खियों के कारण गांवों में हैजा और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। बारिश का मौसम नजदीक होने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन न तो स्वास्थ्य विभाग ने कोई ठोस कदम उठाया है और न ही प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई की गई है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने पोल्ट्री फार्म संचालक को रविवार तक का समय दिया है। उनका कहना है कि यदि तब तक मक्खियों के प्रकोप से राहत नहीं मिली तो बड़ी संख्या में ग्रामीण पोल्ट्री फार्म पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगे और परिसर में ताला जड़ने के लिए बाध्य होंगे।

कलेक्टर ने जांच और कार्रवाई का दिया आश्वासन:

इस संबंध में कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि मगरलोड क्षेत्र के कुछ गांवों में निजी पोल्ट्री फार्म के कारण मक्खियों के प्रकोप बढ़ने की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जाएगी तथा आवश्यक निरीक्षण के बाद मक्खियों पर नियंत्रण और ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा