शिवरीनारायण में बाढ़ आपदा से बचाव के लिए मॉकड्रिल, रेस्क्यू टीम ने किया बचाव कार्यों का अभ्यास

 






जांजगीर-चांपा, 20 अगस्त (हि. स.)। जिले में बाढ़ आपदा की स्थिति से निपटने और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए ग्राम शिवरीनारायण और रिंगनी (कुकदा) के कंजी नाला में आज गुरुवार को मॉकड्रिल आयोजित की गई। भारत सरकार के गृह मंत्रालय एवं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली के सहयोग से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित इस अभ्यास में रेस्क्यू टीम ने बाढ़ के दौरान उत्पन्न होने वाली विभिन्न परिस्थितियों में बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया।

मॉकड्रिल में डिप्टी कलेक्टर देवेंद्र चौधरी, शिवरीनारायण तहसीलदार महेंद्र लहरे, प्रशिक्षक विमल कुमार बैस सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, रेस्क्यू टीम और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। अभ्यास का उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा के दौरान प्रशासन, बचाव दल और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों की तैयारियों को परखना तथा आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना था।

रेस्क्यू टीम ने नदी में डूब रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, तेज बहाव में फंसे लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और बाढ़ के दौरान पुल पार करते समय फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का भी अभ्यास कराया गया।

मॉकड्रिल के दौरान आपदा प्रबंधन में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक बचाव उपकरणों के संचालन और उपयोग की जानकारी भी दी गई। रेस्क्यू टीम ने बताया कि बाढ़ की स्थिति में लोगों को घबराने के बजाय सतर्कता और सूझबूझ के साथ कार्य करना चाहिए। प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना और प्रशासन एवं बचाव दल के निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी है।

अभ्यास के माध्यम से नागरिकों को बाढ़ के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया गया। लोगों से अपील की गई कि नदी, नाला और तेज बहाव वाले जलस्रोतों को पार करने का प्रयास न करें। पुल-पुलियों और जलमग्न सड़कों से आवागमन करने से बचें तथा बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहें।

प्रशासन ने नागरिकों से कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या रेस्क्यू टीम को सूचना दें। इस मॉकड्रिल से बाढ़ आपदा के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों में प्रशासन और रेस्क्यू टीम की तैयारियों को परखने के साथ ही स्थानीय नागरिकों को भी सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी मिली।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT