संयुक्त जिला कार्यालय में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने किया ध्वजारोहण
अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से गाया राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों की दी प्रस्तुति
बलरामपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान अधिकारी-कर्मचारियों ने देशभक्ति के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।
ध्वजारोहण से पहले संयुक्त जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का गायन किया। इसके बाद कलेक्टर ने तिरंगा फहराया। उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान का गायन किया तथा ‘भारत माता की जय’ और ‘स्वतंत्रता दिवस अमर रहे’ के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से भर गया।
महापुरुषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
ध्वजारोहण के बाद कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कार्यालय परिसर में स्थापित महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके साथ ही परिसर में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित किए।
कलेक्टर ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
इस अवसर पर कलेक्टर ने जिलेवासियों तथा संयुक्त जिला कार्यालय के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान को याद करते हुए देश के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने सभाकक्ष में देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। गीतों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, आर.एन. पांडेय, चेतन बोरघरिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय