खरेंगा में पांच ट्रैक्टर वाहन जब्त, खनिज निरीक्षक को नोटिस
गौण खनिज साधारण रेत भंडारण स्वीकृति निरस्त
धमतरी, 29 मई (हि.स.)। ग्राम पंचायत खरेंगा में रेत के अवैध उत्खनन के दौरान निकले नरकंकाल के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूटा पड़ा। लंबे समय बाद 29 मई काे प्रशासनिक कार्रवाई हुई। खनिज, राजस्व व पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने यहां कार्रवाई करते हुए पांच ट्रेक्टर वाहन को जब्त किया। वहीं लापरवाह खनिज निरीक्षक को शो काज नोटिस जारी किया गया है। साथ ही प्रशासन ने यहां के रेत भंडारण की स्वीकृति को निरस्त कर दिया गया है।
जिला खनिज अधिकारी हेमंत चेरपा ने शुक्रवार काे बताया कि ग्राम पंचायत खरेंगा स्थित महानदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन की शिकायत प्राप्त होने पर प्रशासन द्वारा त्वरित संयुक्त कार्रवाई की गई। महानदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के दौरान पूर्व में दफन किए गए नर कंकाल बाहर निकल आए हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग, राजस्व अमला एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर जांच की। जांच के दौरान अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पांच ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया गया। वहीं संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने क्षेत्र के खनिज निरीक्षक को लापरवाही के चलते शो-काज नोटिस जारी किया गया है। इतना ही नहीं संबंधित फर्म का गौण खनिज साधारण रेत भंडारण अनुज्ञा स्वीकृति को भी निरस्त कर दिया गया है। क्षेत्र में कुछ रेत खदानों का सीमांकन भी किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि खरेंगा क्षेत्र से लगातार यहां से रेत माफिया रेत उत्खनन कर रहे हैं, लेकिन अब जाकर प्रशासन ने कार्रवाई की है। लोगों की मानें तो खरेंगा व दर्री सीमा जुड़ा हुआ है। माफिया खरेंगा रेत खदान से रेत चोरी कर ले जाता है, लेकिन दर्री में रायल्टी वूसली की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा