पांच किलो के नवजात का सामान्य प्रसव, जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ

 


धमतरी, 17 सितंबर (हि.स.)। जिला अस्पताल धमतरी में बुधवार को गुरुर ब्लाक के ग्राम सरबदा निवासी एक गर्भवती महिला ने पांच किलोग्राम वजन की बच्ची को सामान्य प्रसव से जन्म दिया। प्रसव स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. रागिनी ठाकुर और स्वास्थ्य विभाग की टीम की निगरानी में कराया गया।

डाक्टरों के अनुसार जिला अस्पताल में पांच किलोग्राम वजन के बच्चे का सामान्य प्रसव पहली बार हुआ है। प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं, वहीं नवजात का वजन सामान्य से अधिक होने के कारण उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

ग्राम सरबदा निवासी रामेश्वर साहू ने बताया कि, उनकी पत्नी मनीषा साहू का प्रसव का समय नजदीक आने पर गुरुर के शासकीय अस्पताल में उपचार चल रहा था। वहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया। मंगलवार को मनीषा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार को दोपहर 1.01 बजे उन्होंने बच्ची को जन्म दिया। नवजात का वजन पांच किलोग्राम दर्ज किया गया है। स्वजनों के अनुसार एक सितंबर को मनीषा की सोनोग्राफी कराई गई थी। उस दौरान बच्चे का अनुमानित वजन करीब 3.600 किलोग्राम बताया गया था। करीब 15 दिन बाद प्रसव के समय नवजात का वजन पांच किलोग्राम दर्ज किया गया। बच्ची जन्म के बाद पूरी तरह स्वस्थ है।

पांच किलो के बच्चे का सामान्य प्रसव पहली बार:

जिला अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञ डा तोमेश श्रीमाली ने बताया कि, जिला अस्पताल में पांच किलोग्राम वजन के बच्चे का सामान्य प्रसव पहली बार कराया गया है। प्रसव के बाद मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। नवजात की स्थिति सामान्य है, फिर भी वजन अधिक होने के कारण चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। सामान्य तौर पर नवजात का वजन करीब ढाई से साढ़े तीन किलोग्राम के बीच होता है। ऐसे में पांच किलोग्राम वजन का बच्चा सामान्य से काफी अधिक वजन का माना जाता है। इतने अधिक वजन के बच्चे का सामान्य प्रसव सफलतापूर्वक कराया जाना जिला अस्पताल की टीम के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। डा. श्रीमाली ने बताया कि नवजात का वजन अधिक होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। आमतौर पर गर्भवती महिला को मधुमेह होने की स्थिति में बच्चे का वजन अधिक बढ़ने की आशंका रहता है। वहीं इस मामले में महिला पूरी तरह स्वस्थ है और उसे किसी प्रकार की ऐसी समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि मां और बच्ची दोनों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा