बीजापुर की पांच छात्राओं को राज्यस्तरीय रोजगार मेले में मिला नौकरी का प्रस्ताव

 


बीजापुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। बीजापुर जिले के शासकीय पॉलीटेक्निक बीजापुर की पांच छात्राओं को राज्य स्तरीय रोजगार मेले में प्रतिष्ठित कंपनी से रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ है। छात्राओं की इस उपलब्धि से संस्थान में उत्साह का माहौल है।

संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार मेले में शासकीय पॉलीटेक्निक बीजापुर की पांच छात्राओं का रोजगार हेतु चयन किया गया। मेले में मेसर्स सन ब्राइट मैनपावर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा छात्राओं को नौकरी का प्रस्ताव पत्र प्रदान किए गए। रोजगार मेले में संस्थान की छात्रा सुश्री चन्द्रकला कड़ियामी सहित पांच छात्राओं को मुख्यमंत्री विष्णदेव साय के हाथों नौकरी का प्रस्ताव प्राप्त करने का अवसर मिला। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा भी उपस्थित रहे।

रोजगार के लिए चयनित छात्राओं में सुश्री चन्द्रकला कड़ियामी, सुश्री वीना पोंडी, सुश्री सुप्रिया पुजारी, सुश्री करीना कुड़ियम एवं सुश्री दामिनी नेताम शामिल हैं। सभी पांच छात्राओं को मेसर्स सन ब्राइट मैनपावर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा रोजगार के लिए नौकरी का प्रस्ताव प्रदान किए गए।शासकीय पॉलीटेक्निक बीजापुर की छात्राओं को राज्य स्तरीय रोजगार मेले में मिले अवसर जिले में तकनीकी शिक्षा के प्रति बढ़ती रुचि और युवाओं के लिए उपलब्ध हो रहे रोजगार के अवसरों को दर्शाते हैं। इस उपलब्धि से संस्थान के अन्य विद्यार्थियों को भी तकनीकी कौशल विकसित कर रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

छात्राओं के चयन में संस्थान के प्रशिक्षण एवं नियोजन अधिकारी हरीश कुमार सहित शिक्षक चितरंजन लाल, सुश्री तन्वी सोनकेसरी, सुश्री रिति झाड़ी, सुश्री दुर्गावती वासम, विक्रमादित्य एवं नवीन कुमार साहू का योगदान रहा। वहीं राज्य स्तरीय रोजगार मेले में आवश्यक व्यवस्थाओं एवं समन्वय के लिए जिला रोजगार अधिकारी हृषिकेश सिदार का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे