महेश्वरी भवन जगदलपुर में 19 से 23 सितम्बर तक आयोजित होगा पांच दिवसीय “सहकार मेला”
जगदलपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने आज शनिवार काे पत्रकारवार्ता में बताया कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), सहकारी संस्थाओं, कारीगरों तथा स्थानीय उत्पादकों को बाज़ार से जोड़ने और उनके उत्पादों को व्यापक पहचान प्रदान करने के उद्देश्य से “सहकार मेला” का आयोजन 19 सितम्बर से 23 सितम्बर 2026 तक महेश्वरी भवन, कुम्हारपारा, जगदलपुर में किया जा रहा है। मेले में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय तथा वस्त्र/हथकरघा एवं कारीगर विकास से संबंधित विभागों की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे।
उन्हाेने बताया कि इस पांच दिवसीय मेले में कुल 70 प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें से 60 स्टॉल देश के विभिन्न प्रांतों से आने वाले एमएसएमई, एसएचजी एवं एफपीओ इकाइयों के लिए होंगे, जबकि 10 स्टॉल विशेष रूप से बस्तर जिले के स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों एवं उत्पादकों के लिए आरक्षित किए गए हैं। मेले में कपड़े एवं वस्त्र, लेदर उत्पाद, खाद्य उत्पाद, आयुर्वेदिक एवं प्राकृतिक उत्पाद, ऑर्गेनिक उत्पाद, हस्तशिल्प तथा अन्य स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पाद प्रदर्शित और बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। सहकार मेले में भारतीय प्राचीन कलाओं एवं स्थानीय लोक संस्कृति को विशेष स्थान दिया जाएगा। मेले के दौरान बस्तर एवं स्थानीय लोक नृत्य सांस्कृतिक कार्यक्रम नाटक एवं सामाजिक संदेश आधारित प्रस्तुतियां चनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियां जादू शो का आयोजन किया जाएगा। विशेष रूप से स्कूल के विद्यार्थियों के लिए जादू शो एवं चयनित मनोरंजक कार्यक्रम निःशुल्क रखे जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक बच्चे एवं युवा कार्यक्रम में भाग ले सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे