पकनी में मछुआरों को 10 दिन का प्रशिक्षण

 


सूरजपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए ग्राम पकनी में आज बुधवार को 10 दिवसीय मछुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया। प्रशिक्षण में मत्स्य कृषकों को आधुनिक और वैज्ञानिक तरीके से मछली पालन करने की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान मत्स्य कृषकों को तालाब प्रबंधन, मछलियों के पोषण और आहार व्यवस्था, मछलियों में होने वाले रोगों की पहचान व रोकथाम, जाल के सही उपयोग सहित उत्पादन बढ़ाने की वैज्ञानिक तकनीकों के बारे में बताया गया।

इसके अलावा मत्स्य पालन को लेकर शासन की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं, उनकी पात्रता और कृषकों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के साथ इसे ग्रामीण परिवारों के लिए आय और रोजगार का बेहतर माध्यम बनाना रहा।

मत्स्य निरीक्षक डिगेश्वर सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को आधुनिक मत्स्य पालन की तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर उत्पादन बढ़ाने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के लिए कृषकों को प्रेरित किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय मत्स्य कृषक शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय