पहली बारिश में तीन वार्ड जलमग्न, विकास कार्यों पर उठे सवाल, पार्षद सुमन मेश्राम ने मांगी तत्काल राहत
धमतरी, 30 जुलाई (हि.स.)। लगातार हो रही बारिश के बीच नगर निगम के विकास कार्यों पर सवाल उठने लगे हैं। सोरिद, जोधापुर और डाकबंगला वार्ड में जलभराव से जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई घरों में नालियों का पानी घुसने से घरेलू सामान खराब हो गया है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हाल ही में जिस सोरिद मार्ग का नाम व्यंग्यकार स्व. त्रिभुवन पांडे के नाम पर रखा गया है, वहां उनके निवास क्षेत्र सहित आसपास की बस्तियां भी जलमग्न हो गई हैं। प्रभावित क्षेत्रों का गुरुवार काे निरीक्षण करने पहुंचीं पार्षद सुमन मेश्राम ने गली-गली घूमकर जलभराव, पानी निकासी व्यवस्था और लोगों की समस्याओं का जायजा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का दावा करता है, लेकिन पहली ही बारिश में तीन वार्डों का डूब जाना इन दावों की वास्तविकता उजागर करता है।
उनका कहना है कि सोरिद नाले की नियमित सफाई नहीं होने और पिछले वर्ष नाले के आगे बनाई गई दीवार के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है, जिससे बारिश का पानी सीधे लोगों के घरों में घुस रहा है। पार्षद ने महापौर से स्वयं जलमग्न बस्तियों का दौरा कर प्रभावित परिवारों की स्थिति देखने की अपील की। साथ ही नगर निगम प्रशासन से तत्काल मोटर पंप लगाकर जल निकासी कराने, प्रभावित क्षेत्रों में दवा का छिड़काव करने, राहत सामग्री उपलब्ध कराने तथा नुकसान झेलने वाले परिवारों को मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र राहत कार्य शुरू नहीं किए गए तो कांग्रेस आंदोलन करने को बाध्य होगी।
इस संबंध में नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि निकासी नाली के मार्ग में अतिक्रमण व नालियां जाम के कारण इस तरह की स्थिति बनी है। निकासी नाली को जेसीबी मशीन से खोला जा रहा है, बहुत जल्द लोगों को राहत मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा