बस्तर में पहले पखवाड़े में 10 हजार से अधिक किसानों ने बेचा 40 हजार क्विंटल धान

 


जगदलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीद का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। 15 नवंबर 2026 से 27 नवंबर 2026 तक की अवधि में संभाग के कुल 10,007 किसानों से 40,682.32 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। इस वर्ष कुल 2,73,464 किसान पंजीकृत हैं और 417 धान खरीद केंद्रों में से अब तक 344 उपार्जन केंद्रों पर खरीद की शुरुआत हो चुकी है।

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए 15,59,040 टन धान उपार्जन का लक्ष्य रखा गया है, जो गत वर्ष (2025-26) के 15,18,521 टन लक्ष्य से अधिक है। ज्ञात हो कि पिछले वर्ष 13,74,383.52 टन धान की खरीद हुई थी और 2,28,029 किसानों ने समर्थन मूल्य पर अपना धान विक्रय किया था बस्तर संभाग के अंतर्गत शुरुआती चरण में कोण्डागांव और कांकेर सबसे आगे रहे हैं। कोण्डागांव में 69 केंद्रों के माध्यम से 3,430 किसानों से 17,212.56 क्विंटल धान खरीदा गया, जबकि कांकेर में सभी 163 केंद्रों पर खरीद शुरू होकर 4,822 किसानों से 16,144.84 क्विंटल धान उपार्जित किया गया है। इसके अलावा बस्तर में 74 केंद्रों पर 1,648 किसानों से 7,040.04 क्विंटल, नारायणपुर में 13 केंद्रों पर 55 किसानों से 151.40 क्विंटल, बीजापुर में 10 केंद्रों पर 36 किसानों से 126.52 क्विंटल, दंतेवाड़ा में 14 केंद्रों पर 15 किसानों से 4.72 क्विंटल और सुकमा में एक केंद्र पर एक किसान से 2.24 क्विंटल धान की खरीद दर्ज की गई है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर की कुल 297 समितियों में से 279 समितियां वर्तमान में धान उपार्जन का कार्य संभाल रही हैं और अन्य केंद्रों पर भी खरीद प्रक्रिया को गति दी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे