जिला अस्पताल में माक ड्रिल, डाक्टरों-नर्सों ने सीखे आग बुझाने के गुर
धमतरी, 16 मई (हि.स.)। जिला अस्पताल में जब डाक्टरों, स्टाफ नर्सों और वार्ड सहायकों ने हाथों में अग्निशामक यंत्र थामे आग बुझाने का अभ्यास किया, तो अस्पताल परिसर कुछ देर के लिए प्रशिक्षण मैदान में बदल गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने स्वास्थ्य कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव, मरीजों को सुरक्षित निकालने और अलग-अलग प्रकार की आग पर काबू पाने के तरीके सिखाए।
गर्मी सीजन में बढ़ती आगजनी की घटनाओं को देखते हुए जिला अस्पताल में अग्नि सुरक्षा एवं बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग धमतरी के कर्मचारियों ने जिला अस्पताल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और समझदारी से काम लेना जरूरी होता है। समय रहते सही कदम उठाकर बड़े हादसे और जनहानि को रोका जा सकता है। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को गैस सिलिंडर, बिजली शार्ट सर्किट, कचरे एवं कपड़ों में लगी आग को बुझाने के अलग-अलग तरीके बताए गए। साथ ही यह भी समझाया गया कि किस प्रकार की आग में कौन-सा अग्निशामक यंत्र उपयोग करना चाहिए। अग्निशमन विभाग की टीम ने जल अग्निशामक यंत्र, शुष्क रासायनिक चूर्ण, झाग अग्निशामक यंत्र एवं कार्बन डाइआक्साइड अग्निशामक यंत्र के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। डाक्टरों, स्टाफ नर्सों और वार्ड सहायकों ने स्वयं अग्निशामक यंत्र चलाकर आग बुझाने का अभ्यास किया।
इस प्रशिक्षण में स्वास्थ्य कर्मचारियों को आपातकालीन स्थिति में मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने, बिजली आपूर्ति बंद करने और प्राथमिक बचाव उपायों की जानकारी भी दी गई। अग्निशमन विभाग के शितेश पवार, देवेंद्र साहू, भारत ठाकुर और दिलीप निषाद ने प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों के सवालों के जवाब देकर जरूरी सावधानियों से अवगत कराया। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डा अरुण कुमार टोंडर ने बताया कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान में इस तरह का प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। इससे कर्मचारियों में आपदा के समय त्वरित निर्णय लेने और आग पर समय रहते नियंत्रण पाने की क्षमता विकसित होती है। इस दौरान ब्लड बैंक प्रभारी डा. आदित्य सिन्हा, रेडियोलाजिस्ट डा पितांबर सिंह, पैथोलाजिस्ट डा. शीतल सोनी, मेट्रन पार्वती नेताम, सलाहकार गिरीश कश्यप, क्लीनिकल साइकोलाजिस्ट प्रीति चांडक, कृति किरण सहित अस्पताल के सभी वार्ड के स्टाफ नर्स, वार्ड सहायक सहित जिला अस्पताल के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा