दीपावली से पहले अग्निशमन विभाग अलर्ट, पटाखा दुकानों का किया निरीक्षण

 




व्यापारियों को दिया आग से बचाव का व्यावहारिक प्रशिक्षण, अग्निशमन उपकरणों की जांच कर सुरक्षित कारोबार के निर्देश

धमतरी, 05 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर्व पर पटाखों की बिक्री के दौरान आगजनी की घटनाओं को रोकने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को अग्निशमन विभाग की टीम ने शहर में संचालित विभिन्न अस्थायी पटाखा दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी शोभा ठाकुर के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में व्यापारियों को अग्नि सुरक्षा के नियमों की जानकारी देने के साथ आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव और नियंत्रण के उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। निरीक्षण के दौरान टीम ने दुकानों में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों और अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच की। साथ ही उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने, पटाखों का सुरक्षित भंडारण करने तथा बिक्री के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए।

अग्निशमन विभाग के चालक दिलीप निषाद और फायरमैन शीतेश पवार, देवेंद्र साहू एवं भरत ठाकुर ने व्यापारियों को अग्निशमन यंत्रों के संचालन का प्रदर्शन करके दिखाया। उन्होंने बताया कि आग लगने पर घबराने के बजाय तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दें, आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं और उपलब्ध उपकरणों का सही तरीके से उपयोग करें। विभाग की टीम ने दुकानदारों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें तथा दुकानों में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम रखें। अग्निशमन विभाग ने अपील की है कि दीपावली के दौरान विशेष सतर्कता बरतें और सुरक्षा नियमों की अनदेखी न करें, ताकि रोशनी का यह पर्व किसी अप्रिय घटना के बिना सुरक्षित और आनंदमय वातावरण में मनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा